बीएल संतोष की अध्यक्षता में गुवाहाटी में भाजपा की मंथन बैठक पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : भाजपा ने लोकसभा चुनाव में पूर्वोत्तर में 25 में से केवल 15 सीटें जीती हैं। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने इसे हल्के में नहीं लिया है। भाजपा इस बात पर विचार कर रही है कि पूर्वोत्तर में अपना खोया हुआ गौरव कैसे हासिल किया जाए। इसी उद्देश्य से पूर्वोत्तर भाजपा मुख्यालय पद्म भवन में शनिवार को पूर्वोत्तर भाजपा की विशेष संगठनात्मक बैठक की शुरुआत हुई है। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन सचिव बीएल संतोष की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूर्वोत्तर भाजपा संयोजक डॉ संबित पात्र, सहायक संयोजक वी मुरलीधरन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एम सुब्बा राव, राष्ट्रीय सचिव कामाख्या प्रसाद तासा, मिजोरम सहित प्रत्येक राज्य के प्रदेश अध्यक्ष, संगठनात्मक महासचिव, उम्मीदवार और सह-प्रभारी ने भाग लिया। शनिवार को पहली बैठक में पूर्वोत्तर के प्रत्येक जिले के भाजपा अध्यक्षों, महासचिवों, प्रभारियों और सह-प्रभारियों ने भाग लिया। अपराह्न 3ः30 बजे से 5ः30 बजे तक प्रदेश कोषाध्यक्षों के साथ बैठक हुई। शाम 6.30 बजे से 8ः30 बजे तक प्रदेश कार्यालय सचिवों और कार्यालय पर्यवेक्षकों के साथ बैठक हुई। वहीं दूसरी ओर, 11 अगस्त सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक पूर्वोत्तर के प्रत्येक राज्य के मीडिया और सोशल मीडिया विभागों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। बैठक में एनडीए को फिर से मजबूत करने, पूर्वोत्तर के हर राज्य में भाजपा का प्रभुत्व फिर से स्थापित करने, हर राज्य के लिए अलग रणनीति तैयार करने और आगामी उपचुनावों और पंचायत चुनावों में भाजपा के लिए बड़ी जीत सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। राज्य भाजपा के अध्यक्ष भवेश कलिता ने शनिवार की बैठक पर टिप्पणी करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद आज पूर्वोत्तर राज्यों के नतीजों पर चर्चा हुई। बैठक में पूर्वोत्तर के प्रत्येक राज्य के अध्यक्षों के साथ चर्चा की गई। बीएल संतोष ने त्रिपुरा, अरुणाचल और असम के नतीजे पर संतोष जताया। बैठक में अन्य राज्यों में भाजपा के संगठनात्मक आधार को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा असम में आगामी पंचायत चुनावों पर भी चर्चा की गई।
बीएल संतोष की अध्यक्षता में गुवाहाटी में भाजपा की मंथन बैठक