पूर्वांचल प्रहरी डेस्क व जिला संवाददाता गुवाहाटी/नगांव : मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा ने शनिवार को जागीरोड में 27,000 करोड़ रुपए के निवेश से स्थापित होने वाले असम के पहले सेमीकंडक्टर एकीकरण और परीक्षण केंद्र के भूमि पूजन समारोह में भाग लिया,जो असम में तकनीकी प्रगति में एक मील का पत्थर स्थापित करेगा। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 मार्च को इस परियोजना की आधारशिला रखी थी, जो देश में सेमीकंडक्टर क्षेत्र के भविष्य के निर्माण में एक नई क्रांति का प्रतीक है। टाटा संस के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक एन चंद्रशेखरन की ओर से किए गए भूमि पूजन समारोह में भाग लेकर मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि उन्हें इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर असम की कृतज्ञ जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि टाटा समूह के साथ असम का रिश्ता नया नहीं है टाटा समूह का असम में चाय उद्योग के साथ 200 साल पुराना रिश्ता है और वह रिश्ता आज भी जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा हस्ताक्षर किए। समझौता ज्ञापन के तहत 120 करोड़ रुपए के निवेश से ताज रिजॉर्ट एंड स्पा खोला जाएगा। इसके अलावा समझौता ज्ञापन के तहत अमलगमेटेड प्लांटेशंस प्राइवेट लिमिटेड, इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के सहयोग से काजीरंगा में आधुनिक सुविधाओं के साथ होटल और आतिथ्य बुनियादी ढांचा स्थापित करेगी। असम सरकार की ओर से एटीडीसी परियोजना को लागू करने के लिए नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने में असम सरकार के साथ साझेदारी करने के लिए टाटा समूह की कंपनियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उद्यम राज्य में पर्यटन के समग्र विकास में मदद करेगा।
उन्होंने कहा कि पूरी तरह से चालू हो जाने पर यह परियोजना कम से कम 200 प्रत्यक्ष रोजगार सृजन करेगी और काजीरंगा में लक्जरी आतिथ्य अनुभव में महत्वपूर्ण योगदान देगी। सीएम ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि राज्य ने एक ही दिन में दो परियोजनाओं जागीरोड में एक सेमीकंडक्टर इकाई के लिए भूमि पूजन और काजीरंगा में एक भव्य होटल के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया। मुख्यमंत्री मानते हैं कि यह राज्य के विकास के लिए एक गेम चेंजर होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह टाटा समूह से राज्य में लक्जरी फाइव स्टार होटल स्थापित करने का अनुरोध कर रहे थे और इस एमओयू के साथ काजीरंगा में एक फाइव स्टार होटल की आवश्यकता एक वास्तविकता बन जाएगी। उन्होंने असम को अपना निवेश स्थल चुनने के लिए टाटा समूह को धन्यवाद दिया, जो उनके अनुसार कंपनी की मूल प्रतिबद्धता को दर्शाता है। डॉ. शर्मा ने उन परियोजनाओं के सफल कार्यान्वयन के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया,जिनमें टाटा समूह असम के साथ साझेदारी कर रहा है। इस अवसर पर बोलते हुए टाटा संस के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन ने असम और इसकी प्राकृतिक सुंदरता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राज्य का परिदृश्य मंत्रमुग्ध करने वाला है और इसमें विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल बनने के सभी तत्व मौजूद हैं। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा को धन्यवाद देते हुए टाटा संस के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है। उन्होंने घोषणा की कि इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के तहत होटलों की एक श्रृंखला विवांता को गुवाहाटी में ताज होटल में अपग्रेड किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि गुवाहाटी और जागीरोड के बीच कहीं पर टाटा समूह ताज गेटवे होटल भी स्थापित करेगा। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री जयंत मल्ल बरुवा, हथकरघा एवं वस्त्र मंत्री यूजी ब्रह्म, श्रम एवं रोजगार मंत्री संजय किसान, मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा, प्रमुख सचिव पर्यटन डॉ. जेबी इक्का, इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के एमडी एवं सीईओ पुनीत चटवाल, अमलगमेटेड प्लांटेशन प्राइवेट लिमिटेड के एमडी एवं सीईओ सुखजीत सिंह मल्होत्रा, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के एमडी एवं सीईओ रणधीर ठाकुर, एटीडीसी के एमडी पद्मपाणि बोरा सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।