50 अन्य व्यक्ति लापता शिमला/मंडी :  हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की कई घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई और करीब 50 व्यक्ति लापता हैं। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि करते हुए बृहस्पतिवार को बताया कि बारिश के कारण कई मकान, पुल और सड़कें बह गई हैं। राज्य आपात अभियान केंद्र ने बताया कि कुल्लू के निरमंड, सैंज और मलाना इलाकों, मंडी के पधर और शिमला जिले के रामपुर में बादल फटे। स्थानीय मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, गरज के साथ छींटे और बिजली गिरने को लेकर ‘रेड अलर्ट’ जारी किया। शिमला के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी ने बताया कि बुधवार रात को श्रीखंड महादेव के पास बादल फटने से  सरपारा, गानवी और कुर्बन नालों में अचानक बाढ़ आ गई, जिसके परिणामस्वरूप शिमला में रामपुर उपमंडल के समेज खुड (नाला) में जलस्तर बढ़ने से दो लोगों की मौत हो गई तथा 30 अन्य लापता हो गए। शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि चार लोगों को घटनास्थल से बचा लिया गया। सड़कों के बह जाने के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया है। एक अधिकारी ने बताया कि भूस्खलन के कारण मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है।

घटनास्थल पर मौजूदा शिमला के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल, पुलिस और होम गार्ड ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है और लापता लोगों की तलाश के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि मंडी जिले में पधर उपमंडल के तेरांग के समीप राजबन गांव में बुधवार रात को बादल फटने की एक अन्य घटना में तीन लोगों की मौत हो गई तथा सात अन्य लोग लापता हो गए। दो मकान भी बह गए जबकि एक अन्य मकान क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों के मुताबिक, चंडी देवी (75) और चैत्री देवी (90) के शव बरामद किए गए हैं तथा एक घायल व्यक्ति (25 वर्षीय राम सिंह) को बचा लिया गया। घायल की हालत गंभीर है। कु ल्लू जिले में बादल फटने की एक अन्य घटना में सात लोग लापता हो गए। कुल्लू की उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने बताया कि कुल्लू जिले के निरमंड मंडल के भागीपुल इलाके में सात लोग लापता हैं और करीब आठ-नौ मकान बह गए हैं। सीआईएसएफ और विशेष होम गार्ड को लापता लोगों की तलाश के लिए खोज अभियान में लगाया गया है। उन्होंने बताया कि शिमला जिले की सीमा पर समेज में तीन लोग लापता हैं तथा तीन-चार मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मलाना बांध के भी टूटने की सूचना है, लेकिन स्थिति अभी नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग मलाना-1 जल विद्युत परियोजना में फंसे हुए हैं। वे भूमिगत इमारतों में हैं और सुरक्षित हैं तथा एनडीआरएफ और होम गार्ड के दल उन्हें बाहर निकालने के प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन तथा ब्यास नदी का पानी घुसने के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। तोरुल ने बताया कि जिले में सभी शैक्षणिक संस्थानों तथा विद्यालयों को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की और राज्य में बादल फटने से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया। शाह ने इस स्थिति में मुख्यमंत्री को केंद्र की ओर से हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया।