पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : एक के बाद एक लाभार्थीपरक योजनाओं की घोषणा कर आश्चर्य पैदा कर रहे भाजपा के नेतृत्व वाली असम सरकार ने कैंसर के इलाज के लिए भी आयुष्मान कार्ड बंद कर दिया है। अब बी बरुवा कैंसर संस्थान ने भी आयुष्मान कार्ड सुविधा बंद कर दी है। हाल ही में कैबिनेट के फैसले का हवाला देते हुए निजी अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड की सुविधा निलंबित कर दी गई है। इसके तहत बी बरुवा कैंसर इंस्टीट्यूट में भी आयुष्मान कार्ड निलंबित कर दिया गया है।

अब से आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान असम-मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना कार्ड वाले लोगों को बी बरुवा कैंसर संस्थान में मुफ्त इलाज नहीं मिल पाएगा। गौरतलब है कि बी बरुवा कैंसर संस्थान देश के परमाणु ऊर्जा विभाग द्वारा संचालित होता है। यह अस्पताल केंद्र सरकार की सहायता से टाटा मेमोरियल सेंटर द्वारा चलाया जाता है। इस योजना से कैंसर से पीड़ित आयुष्मान कार्ड धारकों के परिवार के सदस्य लाभान्वित हो रहे थे। लेकिन अब बी बरुवा कैंसर इंस्टीट्यूट में भी आयुष्मान कार्ड बंद करने की घोषणा करने पर वे इलाज करा रहे कई मरीजों के परिवार के सिर पर आसमान टूट पड़ा है।