पूर्वांचल प्रहरी संवाददाता गुवाहाटी :पूरे राज्य को गर्मी झुलसा रही है। धुबड़ी से सदिया तक, ब्रह्मपुत्र घाटी से लेकर बराक घाटी तक पूरे राज्य में उमस का प्रकोप जारी है। बढ़ते तापमान के कारण राज्य में स्वाभाविक जनजीवन में बाधा उत्पन्न हो रही है। उधर, स्कूली बच्चों की गर्मी की छुट्टियां खत्म होने में केवल तीन या चार दिन बचे हैं, ऐसे में छात्रों के माता-पिता चिंतित हैं। पिछले मई में गर्मी के कारण राज्य के जिलों में स्कूलों का पाठदान का समय आगे ले आया गया था। ऐसे में यदि गर्मी का प्रकोप जारी रहा, तो सरकार अगस्त में गर्मी की छुट्टियां खुलने के बाद कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के लिए और निर्देश जारी करने के लिए मजबूर होगी। इस बीच, बीते बृहस्पतिवार से जारी गर्मी के प्रकोक के कारण रविवार शाम तक राज्य में गर्मी से पांच लोगों की मौत हो चुकी हैं।

बाक्सा जिले मुसलपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के उपप्राचार्य प्रणजीत शर्मा की शनिवार की रात हिटस्टॉक के कारण मौत हो गई। इससे पहले शुक्रवार और शनिवार को प्रचंड गर्मी से चार लोगों की मौत हो गई थीं। इनमें से जोरहाट और रंगिया में एक-एक, नगांव जिले के रोहा में दो लोग शामिल हैं। इस बीच, गुवाहाटी के बोरझार स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के सूत्रों ने बताया कि अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। इस बीच राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 30 या 31 जुलाई से उत्तर पूर्व के कई अन्य राज्यों और गुवाहाटी सहित असम के कई जिलों में बादल छाए रहने की संभावना व्यक्त की है।

वहीं, कुछ इलाकों में गरज के साथ छींटे पड़ने की भी आशंका है। इसका मतलब यह है कि लोगों के पास गर्मी से निपटने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को कहा कि जुलाई के महीने में असम के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहना चाहिए। हालांकि, पिछले चार दिनों से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश कम होने से तापमान में असामान्य वृद्धि हुई है। चिंता की बात यह है कि राज्य के अधिकांश इलाकों में स्वाभावित तापमान से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में बढ़त दिखाई दे रही है। राज्यभर में रविवार को डिब्रूगढ़ और सिलचर में तापमान में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। दोनों शहरों में  तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो सामान्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस अधिक था। कुछ स्थानों पर रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जिससे लोगों को रात में गर्मी से जूझना पड़ा।