पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता गुवाहाटी : आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने संगठन स्तर पर परिवर्तन अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भवेश कलिता ने रविवार को प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त अध्यक्ष के रूप में राकेश दास को नियुक्त किया है। भाजयुमो के नवनियुक्त अध्यक्ष दास आज शाम को बशिष्ठ चाराली स्थित पार्टी मुख्यालय में उपस्थित हुए और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
उन्होंने यह जिम्मेदारी प्रदान करने के लिए प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी गई है उसे शतप्रतिशत निभाने की कोशिश करेंगे। राकेश दास को प्रदेश भाजयुमो के अध्यक्ष नियुक्त करने के बाद मुख्यमंत्री डा.हिमंत विश्वशर्मा ने उन्हें बधाई दी और प्रदेश की जनता की सेवा के लिए आग बढऩे को कहा।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश भाजयुमो के अध्यक्ष पद के लिए पांच युवा नेता रेस में थे, लेकिन प्रदेश नेतृत्व ने दास पर भरोसा जताते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौपी है। राकेश दास निवर्तमान अध्यक्ष सिद्धांकु अंकुर बरुवा की जगह लेंगे। मालूम हो कि प्रदेश भाजयुमो के अध्यक्ष पद के लिए युवा नेता ऋषिराज हजारिका का नाम भी प्रमुखता से आगे चल रहा था, लेकिन बड़ी संख्या में युवा नेताओं के विरोध के कारण उसे नहीं बनाया।