पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : राज्य में अब बेरोजगारी का विस्फोट हो गया है। भर्ती आयोग को राज्य सरकार में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के 14,000 पदों के लिए 32,36,416 आवेदन प्राप्त हुए हैं। तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की पांच श्रेणियों में 14 हजार पदों के लिए 32 लाख आवेदन आए हैं जिससे राज्य में लाखों बेरोजगार सरकारी नौकरी की आस में किस तरह संघर्ष कर रहे हैं इसकी तस्वीर सामने आई है। यह तथ्य कि 14,000 पदों के लिए 32 लाख आवेदन जमा हुए हैं, इस बात का पुख्ता संकेत है कि आने वाले दिनों में राज्य में बेरोजगारी की समस्या गंभीर रूप ले सकती है। परीक्षा आयोजित करने के लिए जिम्मेदार सेबा के अनुसार, 15 सितंबर में होने वाली बारहवीं कक्षा की शैक्षणिक योग्यता वाले पदों के लिए अधिकतम 11,23,204 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इसी तरह स्नातक स्तर के पदों के लिए 29 सितंबर की सुबह होने वाली भर्ती के लिए 5,29,989 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इसी दिन शाम को होने वाली ड्राइवर पद की भर्ती के लिए 2,04,091 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। वहीं दूसरी ओर 27 अक्तूबर की सुबह आयोजित होने वाला दसवीं कक्षा उत्तीर्ण स्तर के पदों के लिए सर्वाधिक 8,27,130 अभ्यर्थी एवं आठवीं कक्षा पास स्तर पर चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए 5,52,002 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। सेबा ने जिला आयुक्तों को परीक्षा केंद्रों के लिए उचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के लिए न्यूनतम 250 अभ्यर्थी बैठने में सक्षम होंगे। उन्होंने परीक्षा केंद्रों को एक बेंच पर तीन अभ्यर्थियों को बैठाने के लिए तैयारी करने का भी निर्देश दिया। गौरतलब है कि 14,000 पदों के लिए 32 लाख आवेदनों के बावजूद कुछ उम्मीदवारों ने शैक्षणिक योग्यता के आधार पर अधिकतम तीन पदों के लिए आवेदन किया है। इसलिए, कुल मिलाकर लगभग 18 लाख बेरोजगार लोगों ने तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए उम्मीदवारों के रूप में आवेदन किया है। हालांकि, रोजगार कार्यालयों के ऑनलाइन पंजीकरण का लाभ उठाते हुए बाहर के राज्यों के उम्मीदवारों के साथ कुछ उच्च शिक्षित अभ्यर्थी वास्तविक शैक्षणिक योग्यता छुपाते हुए चतुर्थ श्रेणी पदों के अलावा ड्राइवर पद के लिए आवेदन करने का भी आरोप है। सरकारी वाहन चालक संघ ने शिकायत की थी कि पिछली नियुक्तियों में चतुर्थ श्रेणी पद पर आठवीं कक्षा उत्तीर्ण पदों के लिए स्नातक उम्मीदवार को भी नौकरी मिली थी। इसके अलावा इंजीनियरिंग और स्नातकोत्तर डिग्रीधारी बेरोजगारों को भी वाहन चालक की नौकरी मिली थी।
तृतीय-चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए 32 लाख आवेदन