गुवाहाटी : मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने शुक्रवार को बताया कि राज्य में वन क्षेत्र बढ़ाने के लिए एक से 15 अगस्त के बीच तीन करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। शर्मा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य ने तीन से चार साल की अवधि के दौरान 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है, जिससे दो प्रतिशत तक वन क्षेत्र बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस साल हमने एक अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे राज्य में तीन करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है।
पिछले साल एक दिन में एक करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य था, लेकिन हमने 1.12 करोड़ पौधे लगाए और उनमें से 90 प्रतिशत पौधे फूल-फल रहे हैं। शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने ‘अमृत वृक्ष आंदोलन’ अभियान को साकार करने के लिए सेना, वायु सेना, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों और गैर सरकारी संगठनों सहित विभिन्न एजेंसियों और केंद्रीय बलों को शामिल किया है। उन्होंने कहा कि हमने तीन से चार साल में 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। यदि हम ऐसा कर पाए तो पांच-छह वर्षों में हमारे पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव नजर आएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार राज्य के विभिन्न हिस्सों में वनों की कटाई करने से बंजर हुई जमीन पर वृक्षारोपण अभियान चला रही है।