नई दिल्लीः भारतीय फुटबॉल टीम गुरुवार को जारी फीफा पुरुष रैंकिंग में 124वें स्थान पर बरकरार है जबकि मौजूदा विश्व चैंपियन और कोपा अमरीका विजेता अर्जेंटीना ने अपना शीर्ष स्थान मजबूत किया। जून में जारी फीफा रैंकिंग में भारतीय पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल टीम सूची में तीन पायदान खिसक गई थी। ऐसा उसके कतर और अफगानिस्तान से 2026 विश्व कप क्वालिफायर के तीसरे दौर के लिए क्वालिफाई करने में विफल होने के कारण हुआ था। पिछले साल दिसंबर से भारत का रैंकिंग में खिसकना जारी है। भारतीय टीम पिछले साल शीर्ष 100 में पहुंची थी जिसमें उसकी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग 99 रही थी। लेकिन इसके बाद से उसका खिसकना जारी है। एशिया में भारत 22वें स्थान पर बरकरार है जिसमें वह लेबनान, फिलिस्तीन और वियतनाम से पीछे है। अर्जेंटीना रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पकड़ मजबूत कर ली है।फ्रांस (दूसरी रैंकिंग) यूरो 2024 के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद दूसरे स्थान पर है। हाल में यूरोपीय चैंपियन बनी स्पेन तीसरी रैंकिंग पर पहुंची। वहीं उससे हारने वाली इंग्लैंड एक पायदान ऊपर चौथे स्थान पर पहुंच गई और उसने ब्राजील को पछाड़ दिया जो एक पायदान खिसककर पांचवें स्थान पर पहुंची।
भारत फीफा रैंकिंग में 124वें स्थान पर