नई दिल्ली : सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फॉलोअर की संख्या रविवार को 10 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई। अधिकारियों ने बताया कि पिछले तीन साल में उनके फॉलोअर की संख्या में तीन करोड़ की वृद्धि हुई है। वैश्विक स्तर पर वह पहले से ही इस सोशल मीडिया मंच पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले सरकार प्रमुख हैं। अधिकारियों ने बताया कि आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी जैसे विपक्षी नेताओं के क्रमश: 2.75 करोड़ और 2.64 करोड़ फॉलोअर के मुकाबले मोदी के फॉलोअर की संख्या कई गुना अधिक है। सरकार के अन्य प्रमुखों में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के 3.81 करोड़ और तुर्की के राष्ट्र प्रमुख रजब तैयब एर्दोआन के 2.15 करोड़ फॉलोअर हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि एक्स पर 100 करोड़! इस जीवंत माध्यम पर आकर और चर्चा, बहस, अंतर्दृष्टि, लोगों के आशीर्वाद, रचनात्मक आलोचना तथा बहुत कुछ का हिस्सा बनकर खुश हूं। भविष्य में भी इसी प्रकार से लोगों से जुड़े रहने को उत्सुक हूं। एक अधिकारी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक खिलाडय़िों जैसे विराट कोहली (6.41 करोड़), ब्राजील के फुटबॉलर नेमार जूनियर (6.36 करोड़) और अमेरिकी बास्केटबॉल खिलाड़ी लेब्रोन जेम्स (5.29 करोड़) से भी ज्यादा फॉलोअर प्रधानमंत्री मोदी के हैं। अधिकारी ने कहा कि वह टेलर स्विफ्ट (9.53 करोड़), लेडी गागा (8.31 करोड़) और किम करदाशियां (7.52 करोड़) जैसी हस्तियों से भी आगे हैं।
उन्होंने कहा कि विश्व के नेता अक्सर उत्सुकता से मोदी से सोशल मीडिया पर जुड़ते हैं क्योंकि उनसे जुडऩे से उनके अपने फॉलोअर की संख्या, जुड़ाव, विचार और रीपोस्ट में उल्लेखनीय इजाफा होता है। अधिकारी ने कहा कि यह हाल ही में इटली के साथ-साथ ऑस्ट्रिया में भी देखा गया था। प्रधानमंत्री मोदी क्रमश: 2.5 करोड़ सब्सक्राइबर और 9.1 करोड़ से अधिक फॉलोअर के साथ यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर भी प्रभावशाली उपस्थिति रखते हैं। साल 2009 में ट्विटर से जुडऩे के बाद से ही प्रधानमंत्री लगातार इस माध्यम से लोगों से जुड़े रहे हैं। एक्स को पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने कभी किसी को ब्लॉक नहीं किया है। एक अधिकारी ने कहा कि वह बहुत सक्रिय रहते हैं, कई आम नागरिकों को फॉलो करते हैं, उनके साथ संवाद करते हैं, उनके संदेशों का जवाब देते हैं और कभी भी किसी को ब्लॉक नहीं करते हैं।