सावन का महीना 22 जुलाई 2024 से शुरू हो रहा है। भगवान शिव को समर्पित इस महीने में शिव भक्त व्रत रखते हैं और शिव की पूजा करते हैं। इस साल सावन का महीना सोमवार से शुरू हो रहा है, इसलिए सावन महीने का महत्व और भी बढ़ गया है। ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि शुरू करने से पहले आपको अपने घर में क्या बदलाव करने चाहिए। ये बदलाव आपके जीवन में सकारात्मकता ला सकते हैं। यदि आप ये बदलाव नहीं करते हैं तो आप शिव जी की कृपा से वंचित हो सकते हैं।
सावन शुरू होने से पहले घर लाएं ये चीजें- भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने के लिए आपको सावन से पहले ही एक त्रिशूल लाना चाहिए। यह त्रिशूल चांदी या तांबे का हो सकता है। इस त्रिशूल को आप घर के हॉल में स्थापित करते हैं। ऐसा करने से घर की नकारात्मकता दूर होती है और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।
सावन से पहले कर लें सफाई- सावन शुरू होने से पूर्व ही आपको पूरे घर की साफ-सफाई कर लेनी चाहिए। साथ ही पूजा स्थल को भी साफ करना चाहिए और गंगाजल का छिड़काव करने के बाद शिव-पार्वती की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करनी चाहिए।
जल में प्रवाहित कर दें खंडित मूर्तियों को- किसी भी भगवान की खंडित मूर्ति को घर में रखना अच्छा नहीं माना जाता, इसलिए सावन शुरू होने से पहले आपको खंडित मूर्तियों को किसी नदी में प्रवाहित कर देना चाहिए। अगर आसपास नदी न हो तो इन मूर्तियों को आप किसी मंदिर में या फिर पीपल के पेड़ के नीचे रखकर आ सकते हैं।
तामसिक पदार्थों को करें घर से दूर- अगर घर में मदिरा, सिगरेट जैसे तामसिक पदार्थ हैं तो उसे घर से दूर आपको कर देना चाहिए। इसके साथ ही सावन में प्याज और लहसुन का सेवन भी वर्जित होता है, इसलिए इनका सेवन सावन शुरू होने से पहले ही कर लें।
ध्यान करने के लिए बनाए स्थान- सावन के महीने में शिव जी का ध्यान करना और उनके मंत्रों का जप करना अत्यंत मंगलकारी होता है। इसलिए आपको अपने घर में एक ऐसा स्थान सावन के दौरान बनाना चाहिए जहां लोगों का आना जाना ज्यादा न हो, जहां शांति बाकी कमरों की तुलना में ज्यादा हो। यहां बैठकर आपको शिव जी का ध्यान करना चाहिए।