पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : राज्य के लाखों बेरोजगारों के लिए एक उम्मीद भरी खबर है। सितंबर में शुरू होगा राज्य सरकार के तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों के साथ-साथ पुलिस विभाग के  विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया। राज्य में एक लाख उम्मीदवारों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य सरकार ने घोषणा की थी कि वह तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के 40,000 पदों पर भर्ती करेगी। हालांकि, विज्ञापन के बाद भी चुनाव आचार संहिता के कारण यह शुरू नहीं हो सका था। इसलिए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती   तथा असम पुलिस में सब-इंस्पेक्टर व कांस्टेबल की भर्ती के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताओं पर चर्चा करने और उन्हें अंतिम रूप देने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक में परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने समेत भर्ती से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा हुई। यह सुनिश्चित करने के लिए कि पूरी प्रक्रिया अगले साल की शुरुआत में पूरी हो जाए, भर्ती प्रक्रिया सितंबर से शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष की शुरुआत में पारदर्शिता के उच्चतम मानक कायम रखते हुए राज्य के कुशल युवाओं को सरकारी नौकरियों में भर्ती करना हमारी प्राथमिकता होगी। उल्लेखनीय है कि राज्य में पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या बढ़कर 28 लाख हो गई है। राज्य सरकार 28 लाख बेरोजगारों के लिए लगभग 40,000 तृतीय और चतुर्थ श्रेणी पदों के लिए परीक्षा आयोजित करेगी। इस दौरान शिकायतें हैं कि राज्य सरकार ने अनुकंपा भर्ती भी कई वर्षों से बंद कर रखी है। मुख्य सचिव के विचारार्थ दिसपुर में अनुकंपा भर्ती के सैकड़ों आवेदन वर्षों से पड़े हैं।