पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : बैचलर ऑफ मेडिसिन पाठ्यक्रम के अखिल भारतीय प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी काउंसलिंग अनिश्चित काल के लिए निलंबित कर दिया गया। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार से नीट-यूजी काउंसलिंग शुरू करने की तारीख की घोषणा की थी। लेकिन काउंसलिंग अचानक स्थगित कर दी गई। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार सुबह काउंसलिंग स्थगित करने की घोषणा की। हालांकि, इस बारे में कोई जानकारी जारी नहीं की गई कि काउंसलिंग अनिश्चित काल के लिए क्यों स्थगित की गई या यह कब फिर से शुरू होगी। गौरतलब है कि इस साल की नीट-यूजी परीक्षा में घोटाले के आरोप लगने पर सुप्रीम कोर्ट में एक मामला दायर किया गया है और सीबीआई भी अपनी जांच जारी रखे हुए है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने केस चलने के बावजूद काउंसलिंग शुरू होने से नहीं रोका था। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में नीट-यूजी घोटाला मामले की अगली सुनवाई होने से पहले ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अचानक काउंसलिंग निलंबित कर दी है। गौरतलब है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को नीट परीक्षा घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर कर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी कि वह किसी भी परिस्थिति में नीट-यूजी परीक्षा दोबारा आयोजित नहीं करेगा। इस बीच, नीट-यूजी काउंसलिंग रद्द होने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाजुर्न खड़गे ने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा, मोदी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया है कि नीट-यूजी में कोई प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ है। लाखों युवाओं से खुलेआम झूठ बोला गया है। उनका भविष्य नष्ट हो गया है। कांग्रेस नेता ने बताया कि शिक्षा मंत्रालय ने कहा था कि केवल कुछ स्थानों पर अनियमितताएं या लापरवाही थीं, लेकिन यह भ्रामक था। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा-आरएसएस ने पूरी शिक्षा प्रणाली को नियंत्रित कर लिया है और शिक्षा माफिया को बढ़ावा दिया है। खड़गे ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार हमारी शिक्षा प्रणाली को नष्ट करने की साजिश कर रही है, चाहे वह एनसीईआरटी की किताबें हों या परीक्षा लीक का मामला। उन्होंने सरकार से नीट-यूजी को फिर से पारदर्शी तरीके से ऑनलाइन आयोजित करने की भी मांग की। खड़गे ने यह भी मांग की कि सभी प्रश्न पत्र लीक घोटालों की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में गहन जांच की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अपने कुकर्मों से बच नहीं सकती। इस दौरान, आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नीट-यूजी-2024 के लिए काउंसलिंग इस महीने के अंत में शुरू होने की उम्मीद है। जुलाई के पहले सप्ताह में काउंसलिंग सत्र शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन काउंसलिंग अधिकारियों ने किसी तारीख या कार्यक्रम की घोषणा नहीं की है। सूत्रों ने कहा कि कुछ मेडिकल कॉलेज अभी भी परमिट जारी करने की प्रक्रिया में हैं और अतिरिक्त सीटें जोड़े जाने की संभावना है। एक आधिकारिक सूत्र के अनुसार पहले दौर में सीटें भरने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद काउंसलिंग की तारीख की घोषणा की जाएगी। सूत्र ने बताया कि काउंसलिंग प्रक्रिया इस महीने के अंत तक शुरू हो सकती है।
अनिश्चितकाल तक के लिए नीट-यूजी काउंसलिंग स्थगित