हरारेःरोहित शर्मा और विराट कोहली के बिना की युवा ब्रिगेड जिम्बाब्वे के खिलाफ शनिवार से शुरू हो रही पांच मैचों की टी-20 शृंखला में उतरेगी तो इस प्रारूप में यह भारतीय क्रिकेट के नए दौर का सूत्रपात भी होगा। भारत में टी-20 विश्व कप की जीत के सतत जारी जश्न के बीच शुभमन गिल की कप्तानी वाली आईपीएल सितारों से सजी यह युवा टीम जीत का अपना सिलसिला शुरू करना चाहेगी। आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले पंजाब के अभिषेक शर्मा और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले असम के रियान पराग इस शृंखला के जरिए पदार्पण करेंगे। पिछले कुछ साल में रोहित और कोहली टी-20 क्रिकेट में कई द्विपक्षीय शृंखलाओं से बाहर रहे हैं। अब टी-20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से दोनों के संन्यास के बाद उनकी कमी जरूर खलेगी। इसकी भरपाई करना तो मुश्किल है, लेकिन फिर परिवर्तन संसार का नियम है। जिम्बाब्वे मजबूत टीम नहीं है, लेकिन टी-20 प्रारूप में दोनों टीमों के बीच बहुत गहरा अंतर नहीं है। आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले सिकंदर रजा भारत के लिए चुनौती साबित हो सकते हैं। शिवम दुबे, संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल तीसरे मैच से ही उपलब्ध होंगे। भारत के भावी टी-20 कप्तान हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव भी भविष्य में इस प्रारूप में लौटेंगे लिहाजा अंतिम एकादश में ज्यादा जगह खाली नहीं है। अब से 2026 टी-20 विश्व कप तक भारतीय टीम इस प्रारूप में 34 मैच खेलेगी। कप्तान गिल पारी का आगाज करेंगे और देखना होगा कि उनके अजीज दोस्त अभिषेक शर्मा को पदार्पण का मौका मिलता है या चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ खेलते हैं।  अभिषेक पारी की शुरुआत करते हैं तो गायकवाड़ तीसरे नंबर पर उतर सकते हैं। पराग चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं लिहाजा उनके चयन की संभावना अधिक है। टी-20 क्रिकेट के आक्रामक फिनिशर रिंकू सिंह पांचवें नंबर पर उतर सकते हैं जबकि छठे नंबर पर जितेश शर्मा या ध्रुव जुरेल को उतारा जा सकता है। गेंदबाजी में आवेश खान और खलील अहमद का खेलना तय है जबकि डैथ ओवरों के खतरनाक गेंदबाज मुकेश कुमार तीसरे तेज गेंदबाज होंगे। दुबे के आने तक वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिल सकता है। मैच का समयःशाम 4.30 से। (भाषा)