पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता डिब्रूगढ़ : विगत सात दिनों से जल- जमाव की मार सह रहे डिब्रूगढ़वासियो की सुध लेने आज केंद्रीय मंत्री व स्थानीय सांसद सर्वानंद सोनोवाल दिल्ली से डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट पहुचे जहाँ से वे सीधे डिब्रूगढ़ शहर पहुचे। इस दौरान उन्होंने वहां जलजमाव से संबंधित इलाकों का दौरा किया। शहर के ग्राहम बाजार, मानकटा, एच.एस रोड, आरकेबी पथ, थाना चाराली व झालुक पाड़ा अंचलों में पहुचकर केंद्रीय मंत्री ने परिस्थितियों का जायजा लिया। सात दिनों से जलजमाव की समस्या से ग्रस्ति डिब्रूगढ़वासियो को स्थायी रूप से निजात दिलाने के लिए केंद्रीय मंत्री सर्वानन्द सोनोवाल ने स्थानीय विधायक प्रशांत फुकन व जिला आयुक्त विक्रम कैरी से बातचीत की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने आम जनता से बातचीत की।

केंद्रीय मंत्री सर्वानन्द सोनोवाल ने डिब्रूगढ़ शहर के विभिन्न जलजमाव वाले स्थानों का भ्रमण किया। साथ ही शहर की जल निकासी करने वाले लगे माइजान स्थित पानी के पंपों का भी निरीक्षण किया ताकि भविष्य में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके। केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने बताया कि डिब्रूगढ़ में जलजमाव की समस्या को लेकर एक मेगा प्लान बना होगा ताकि स्थायी समाधान किया जा सके, जिसके लिए वे केंद्रीय व राज्य सरकार से बातचीत करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि डिब्रूगढ शहर की पानी निकासी के लिए बनाए गये नालों का अतिक्रमण किया गया। जिस कारण बहुत जगह नालों की चौड़ाई कम हो गई है, जिससे पानी निकासी बाधित हो रही है।  उन्होंने कहा कि भविष्य के लिए एक अध्ययन कर प्लान बनाकर स्थायी समाधान निकाला जाएगा ताकि लोगों को फिर जलजमाव की समस्या से जूझना न पड़े,  जिसके बाद केंद्रीय मंत्री टेंगाखाट में बाढ़ पीडि़त क्षेत्रों में  गए जहां उन्होंने लोगों से बातचीत की और बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली।