पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : असम में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में भारी बढ़ोतरी की हुई है। असम में एक साल में जीएसटी कलेक्शन 25 प्रतिशत बढ़ा। असम में अप्रैल 2023 में जहां 1,513 करोड़ रुपए का जीएसटी संग्रह हुआ था,वहीं चालू वर्ष में यह 1,895 करोड़ रुपए तक बढ़ा। गौरतलब है कि इस साल जून में देश से कुल 1.74 लाख करोड़ रुपए का जीएसटी कलेक्शन हुआ। पिछले वित्त वर्ष के जून के मुकाबले देश में जीएसटी 8 प्रतिशत बढ़ गया है। केंद्रीय वित्त मंत्रालय के मुताबिक पिछले साल मई में देश से 1.73 लाख करोड़ रुपए का जीएसटी कलेक्शन हुआ था। पिछले तीन वर्षों में कुल 5.57 लाख करोड़ रुपए का जीएसटी संग्रह किया गया है।
वित्त मंत्रालय के अनुसार बजट से पहले घरेलू सामानों पर जीएसटी में कटौती और मोबाइल फोन पर भी जीएसटी कम कर देने के कारण परिवारों को खुशी और राहत मिली है। गौरतलब है कि 27 इंच के टीवी, मोबाइल फोन, वॉशिंग मशीन और रेफ्रिजरेटर पर जीएसटी 31.3 प्रतिशत से घटाकर 12 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अलावा देश में करदाताओं की संख्या भी बढ़ी है। आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल 2018 में जीएसटी के तहत करदाताओं की संख्या 1.05 के विपरीत चालू वर्ष में 1.46 करोड़ तक बढ़ गई है।