बेंगलुरुःभारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का बल्लेबाजी कोच और मेंटोर बनाया गया। कार्तिक ने पिछले महीने क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। आरसीबी ने एक्स पर लिखा ,‘दिनेश कार्तिक का आरसीबी में स्वागत है। डीके आरसीबी पुरुष टीम के बल्लेबाजी कोच और मेंटोर होंगे। आप क्रिकेट से इंसान को बाहर कर सकते हैं, लेकिन इंसान के भीतर से क्रिकेट नहीं निकाल सकते। उन्हें प्यार दीजिए।’ कार्तिक ने कहा कि पेशेवर स्तर पर कोचिंग को लेकर रोमांचित हूं। जीवन के इस नए अध्याय को लेकर भी काफी रोमांचित हूं। उम्मीद है कि एक खिलाड़ी के तौर पर मेरा अनुभव काम आएगा। कार्तिक ने आईपीएल के पिछले सत्र में आरसीबी के लिए 187.36 के स्ट्राइक रेट से 326 रन बनाए। आरसीबी के एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स से हारने के बाद उन्हें भावभीनी विदाई दी गई थी। आरसीबी ने आईपीएल के 17 सत्र में एक भी बार खिताब नहीं जीता है।
आरसीबी ने कार्तिक को बल्लेबाजी कोच व मेंटोर बनाया