पूर्वांचल प्रहरी स्टाफ रिपोर्टर
गुवाहाटीः चार दिवसीय छठ महापर्व का कल नहाय खाय से शुभारंभ होगा। इस पर्व में साफ -सफाई व शुद्धता का विशेष महत्व है। इस कारण रविवार को सरकारी अवकाश के दिन छठ व्रतियों के घरों की अंतिम सफाई की गई। व्रतियों के घरो में छठ पूजा को लेकर तैयारी पूरी हो गई है। इसके बाद व्रतधारी तथा उनके परिवार वाले नगर के विभिन्न बाजारों में पहुंचे तथा पूजन सामग्री की खरीदारी करते दिखे। उल्लेखनीय है कि सोमवार को पूर्ण रूप से शुद्धता का पालन करते हुए नहाय-खाय के दिन आहार बनेगा। इसमें आहार के रूप में लौकी तथा चना दाल को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा,क्योंकि इसका विशेष महत्व है। इस कारण आज नगर के बाजारों में व्रती व परिवारवाले लौकी व चना के दाल खरीदते दिखे। इस अवसर पर फैंसी बाजार,पलटन बाजार, गणेशगुड़ी, बेलतला,मालीगांव के साथ ही अन्य बाजारों में 30 रूपए से लेकर 50 रूपए की दर से लौकी बिकी। कल प्रातः से ही परिवार के सभी सदस्य पूरी तन्मयता के साथ इस व्रत करने में सहयोग करेंगे। व्रती व परिजन अहार बनाएंगे,इसके बाद सबसे पहले व्रती उक्त आहार को ग्रहण करेंगी, इसके बाद परिजन भी आहार ग्रहण कर सकेंगे।