पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : राज्य कैबिनेट बैठक 27 जून को नलबाड़ी जिला आयुक्त के कार्यालय में होगी। कैबिनेट को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली है। सीएम कार्यालय ने मंगलवार को जानकारी दी है कि राज्य कैबिनेट की बैठक 27 जून को दोपहर 12 बजे से नलबाड़ी जिला आयुक्त कार्यालय में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होगी। कैबिनेट बैठक में राज्य सरकार के सभी मंत्री तथा आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि राजधानी दिसपुर के बाहर आयोजित होने वाली यह 14वीं कैबिनेट बैठक होगी। कैबिनेट बैठक की तैयारियों पर चर्चा करने के लिए मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ पहले ही एक समीक्षा बैठक में शामिल हो चुके हैं। जिला आयुक्त वर्णाली डेका द्वारा बुलाई गई उक्त बैठक में कैबिनेट बैठक के लिए आवश्यक योजनाएं भी बनाई गई थी।
सीएम कार्यालय के सूत्र के अनुसार कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री अपराह्न 3-30 बजे नलबाड़ी से बरपेटा सत्र के लिए प्रस्थान करेंगे। दूसरी ओर राज्य सरकार ने इस बार जिला आयुक्तों का सम्मेलन लखीमपुर में आयोजित करने के लिए लखीमपुर जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। लखीमपुर जिला प्रशासन ने जिला आयुक्तों के सम्मेलन का सुचारु संचालन के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। जिला प्रशासन के एक सूत्र के मुताबिक राज्य के सभी जिलों के आयुक्तों का यह सम्मेलन 3-4 जुलाई को लखीमपुर के चुकुलीभरिया स्थित कन्वेंशन हॉल में होगा। इस उपलक्ष्य में जिला कन्वेंशन हॉल को करीने से सजाया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि जिला आयुक्त सम्मेलन में राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा और मुख्य सचिव समेत अधिकांश आला अधिकारी शामिल होंगे। सूत्र ने कहा, अभ्यागत 2 जुलाई को लखीमपुर पहुंचेंगे और उनके लिए होटल के कमरे, सर्किट हाउस में कमरे आदि की भी व्यवस्था की जा चुकी है।