डिजिटल डेस्क: अहमदाबाद में निकोल स्थित देवी डोसा पैलेस में अविनाश नाम का एक शख्स अपनी पत्नी के साथ डोसा खाने गया था। उनका ऑर्डर आने से पहले ही उन्हें सांभर और चटनी परोस दी गई लेकिन सांभर खाते समय उन्हें एक "मरा हुआ चूहा" मिला जिसे देख वह स्तब्ध रह गए। 

इसके बाद अविनाश ने होटल स्टाफ से शिकायत की और फिर अहमदाबाद नगर निगम को भी शिकायत की। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने रेस्तरां को सील कर दिया। अहमदाबाद नगर निगम ने सील करते वक्त नोटिस में लिखा की इस जगह का किचन खुले में होने की वजह से जीव जंतु खाने में गिरने की संभावना रहती है।

घटना के बारे में अहमदाबाद नगर निगम के खाद्य सुरक्षा अधिकारी भाविन जोशी ने कहा: "मैं अहमदाबाद निगम के सभी व्यवसाय संचालकों से अपील करता हूं कि वे ग्राहकों को परोसे जाने वाले भोजन में बहुत सावधानी बरतें ताकि ऐसी घटनाएं न हों।" 

पिछले सप्ताह ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने भारत में खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।  एक महिला ने दावा किया कि उसे हर्षे के चॉकलेट सिरप की एक बोतल में "मरा हुआ चूहा" मिला। उनकी शिकायत पर कन्फेक्शनरी कंपनी की ओर से भी प्रतिक्रिया आई और उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जाएगी।

तो इससे पहले वंदे भारत से यात्रा करने वाले एक जोड़े ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें परोसे गए भोजन में "कॉकरोच" मिला। जिसके बाद इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) के आधिकारिक एक्स अकाउंट ने इसके तुरंत बाद माफी जारी की और कहा कि सेवा प्रदाता पर जुर्माना लगाया गया है। पिछले हफ्ते, मुंबई के एक निवासी को ऑनलाइन ऑर्डर की गई आइसक्रीम में एक "मानव उंगली" मिली, जिस पर कील लगी हुई थी।