गर्मियों का मौसम आता नहीं कि सौ तरह की परेशानियां भी अपने साथ लाता है। कड़ी धूप के चलते बाहर घूमना तो जंग से कम नहीं मालूम पड़ता। सारा शरीर गर्मी के मारे झुलस जाता है। ऐसे में कुछ लोग अपने पैरों के तलवों में भी जलन महसूस करते हैं। कई बार तो ये परेशानी इतनी बढ़ जाती है कि रात को सोते समय भी सारा ध्यान वहीं टिका रहता है। अगर आप भी इन्हीं लोगों में शामिल हैं तो परेशान होने की जरूरत बिलकुल नहीं है, क्योंकि आज हम आपको कुछ आसान से घरेलू नुस्खे बताने जा रहे हैं जिनके इस्तेमाल से आपको तुरंत राहत मिलेगी। और हां ध्यान रहे अगर यह समस्या फिर भी ठीक नहीं होती है तो डॉक्टर को दिखाना न भूलें।

बर्फ से सिकाई दिलाएगी राहत- तलवों की जलन को कम करने का सबसे आसान और असरदार तरीका बर्फ से सिकाई करना है। इसके लिए आपको एक बाल्टी में ठंडा पानी भर लेना है जिसमें आप कुछ बर्फ के टुकड़ों को भी डाल सकते हैं। अब अपने पैरों को लगभग 20 मिनट के लिए डुबोकर रखें। बीच बीच में अपने हाथों से आप तलवों पर बर्फ भी रगड़ सकते हैं। ऐसा करने से जलन वाली जगह पर तुरंत राहत मिलती है।

मुल्तानी मिट्टी का लेप है जादुई- गर्मियों में मुल्तानी मिट्टी किसी जादू से कम नहीं। गर्मी से चेहरे का निखार खो गया हो या बालों की चमक चली गई हो सबमें ही मुल्तानी मिट्टी अपना कमाल दिखाती है। तलवों में जलन हो तो मुल्तानी मिट्टी का लेप बनाकर अपने पैरों पर कुछ देर के लिए लगा लें। इसके ठंडक देने वाले गुण तुरंत राहत पहुंचाने का काम करेंगे।

यहां भी चलेगा एलोवेरा का जादू- एलोवेरा में कितने गुण हैं इसकी लिस्ट बनाना तो लगभग नामुमकिन है। स्किन से जुड़ी कोई भी दिक्कत हो तो बेझिझक एलोवेरा का इस्तेमाल कर सकते हैं। तलवों की जलन के लिए भी यह बड़ा कारगर है। इसके लिए आपको एलोवेरा और नींबू का मिक्सर तैयार करना है। अब इस मिक्सचर को लगभग 20 मिनट के लिए अपने पैरों पर लगा छोड़ दें। आप देखेंगे कि कुछ ही देर में आपको जलन से राहत मिल जाएगी।