भुवनेश्वर : मोहन माझी ओडिशा के नए मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। भुवनेश्वर में हुई बैठक में बतौर केंद्रीय पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव मौजूद रहे। बैठक के बाद रक्षा मंत्री ने घोषणा की कि भाजपा नेता मोहन चरण माझी ओडिशा के नए मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने बताया कि केवी सिंह देव और प्रवती परिदा को राज्य का उपमुख्यमंत्री के तौर पर चुना गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसमें राजनाथ के अलावा केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए। बता दें कि भाजपा ने ओडिशा विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करते हुए ओडिशा में करीब 24 साल से सत्ता पर काबिज बीजद को सत्ता से बेदखल किया है। ओडिशा में भाजपा विधायक दल का नेता चुनने के लिए शाम साढ़े चार बजे बैठक शुरू हुई। इस बैठक में राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव भी मौजूद रहे। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि भाजपा ओडिशा में डिप्टी सीएम भी नियुक्त कर सकती है। विधायक दल का नेता चुनने के बाद अब भाजपा नेता राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा करेंगे। ओडिशा में भी बुधवार को सीएम पद का शपथ ग्रहण समारोह होना है। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद रह सकते हैं। शपथ ग्रहण के लिए भाजपा ने बीजद नेता नवीन पटनायक को भी आमंत्रित किया है। शपथ ग्रहण समारोह के चलते ओडिशा में 12 जून को आधे दिन की छुट्टी देने का एलान किया गया है।
मोहन माझी होंगे ओडिशा के नए सीएम भाजपा विधायक दल की बैठक में ऐलान