नई दिल्ली : कोविड-19 महामारी के 2021 में चरम पर होने के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की भूमिका निभाने वाले मनसुख मंडाविया को सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में अनुराग ठाकुर की जगह भारत का नया खेल मंत्री नियुक्त किया गया। मंडाविया (52 वर्ष) ने गुजरात की पोरबंदर लोकसभा सीट पर अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी ललित वसोया को 3.83 लाख मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की। युवा मामलों एवं खेल मंत्रालय के अलावा मंडाविया को सोमवार को घोषित नए मंत्रिमंडल में रसायन और उर्वरक मंत्रालय का भी प्रभार दिया गया।  इसके अलावा महाराष्ट्र के रावेर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तीन बार की सांसद रक्षा खडसे को मंडाविया के अंतर्गत राज्य मंत्री (खेल) की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सैंतीस साल की रक्षा एकनाथ खडसे की बहू हैं। एकनाथ शरद पवार की अगुआई वाले एनसीपी के नेता हैं जिन्होंने दोबारा भाजपा के साथ जुडऩे का फैसला किया। रक्षा के पति निखिल खडसे का 2013 में निधन हो गया था। मंडाविया को 2021 के मध्य में स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी जब देश कोविड-19 संकट से जूझ रहा था। उस समय उन्होंने डॉ हर्षवर्धन की जगह ली थी जिन्हें फेरबदल के तहत मंत्रिपरिषद से हटा दिया गया था।  मंडाविया के मंत्रालय को तब ऑक्सीजन और दवाओं की आपूर्ति बढ़ाने और कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान टीकाकरण कार्यक्रम की देखरेख का काम सौंपा गया था। नई सरकार में स्वास्थ्य मंत्रालय जेपी नड्डा को दिया गया है। हाल ही में संपन्न चुनाव मंडाविया का पहला लोकसभा चुनाव था।