पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में पहली बार शपथ ले रहे राज्यसभा सांसद पवित्र मार्घेरिटा को प्रधानमंत्री  मोदी ने विदेश विभाग जैसा एक और अहम मंत्रालय दिया। पवित्र मार्घेरिटा विदेश मंत्री एस जयशंकर के सहयोगी मंत्री के रूप में काम करेंगे। इसके अलावा मार्घेरिटा को राज्यमंत्री के रूप में कपड़ा मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। गौरतलब है कि दो पूर्व मंत्रियों को उनके पिछले मंत्रालयों से वंचित कर दिया  गया जिनमें उत्तर पूर्व का प्रतिनिधित्व करने वाले किरेन रिजीजू भी शामिल हैं। रिजीजू को मोदी के दूसरे कार्यकाल में पहले कानून मंत्री और बाद में भूविज्ञान विभाग दिया गया था। इस बार उन्हें कैबिनेट मंत्री के रूप में संसदीय मामलों और अल्पसंख्यक विभाग दिया गया है। मोदी के तीसरे कार्यकाल में ज्योतिरादित्य सिंधिया डोनर मंत्री के रूप में काम करेंगे। इसके अलावा सिंधिया संचार मंत्री के रूप में भी काम करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार डोनर मंत्रालय में एक राज्य मंत्री भी नियुक्त किया है। उल्लेखनीय है कि मोदी के दूसरे कार्यकाल में पूर्वोत्तर के कुल पांच सांसदों को केंद्रीय मंत्री पद मिला था। लेकिन इस बार भाजपा पूर्वोत्तर में 13 सीटों पर सिमट गई है, इसलिए मंत्रियों की संख्या भी घटाकर तीन कर दी गई है।