पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता गुवाहाटी : लोकसभा चुनाव में भले असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शानदार जीत हुई है, लेकिन देश के सबसे बड़े राज्यों में पार्टी की स्थिति ठीक नहीं है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने अब उन प्रदेशों के अध्यक्षों को बदलने की कवायद शुरू करने वाली है, जिनके कार्यकाल खत्म हो जाने के बाद भी लोकसभा चुनाव के कारण उनके कार्यकाल को बढ़ाया गया था, उनमें से असम प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भवेश कलिता का नाम भी शामिल है। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता के कार्यकाल को मिलाजुला कर देखा जाए तो पार्टी के लिए ठीक रहा है। उनकी अध्यक्षता में भाजपा ने कई चुनाव जीते और मुख्यमनंत्री हिमंत विश्वशर्मा के साथ उनका तालमेल अच्छा रहा है। अब माना जा रहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यकाल खत्म होने के साथ ही भवेश कलिता का कार्यकाल खत्म होगा।

सूत्रों के अनुसार लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद मुख्यमंत्री डॉ.शर्मा ने अपने बयान में कहा कि 15 अगस्त से पहले असम मंत्रिमंडल को विस्तार किया जाएगा। सूत्रों की माने तो भवेश कलिता को मंत्रिमंडल में शामिल करने की संभावना है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के लिए अभी से चयन करने की कवायद शुरू हो गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार इसके लिए पार्टी के तीन वरिष्ठ नेताओं का नाम सामने आ रहा है। पार्टी के विश्वसनीय सूत्रों की माने तो इस बार ऊपरी असम के एक नेता के साथ ही गुवाहाटी के भाजपा के वरिष्ठ नेता के नाम पर चर्चा हो रही है, जबकि असम सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल एक मंत्री के नाम पर भी चर्चा होने लगी है।

अब देखना यह होगा कि भवेश कलिता को कब मंत्री बनाया जाता है और प्रदेश भाजपा की कमान किसके हाथों सौपा जाता है। उल्लेखनीय है कि 2026 में असम विधानसभा का चुनाव होना है। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष उन्ही नेता को बनाया जाएगा, जिसका प्रदर्शन लोकसभा चुनाव में बेहतर हुआ है। पार्टी के वरिष्ठ नेता की मानें तो उनका मानना है कि चुनाव को ध्यान में रखते हुए ही एक दमदार तथा कदावर नेता को प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनाया जाएगा।