नई दिल्ली : राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल के नेता नरेंद्र मोदी रविवार शाम लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को मोदी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। मुर्मू ने मोदी को प्रधानमंत्री पद के लिए मनोनीत किया तथा नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह रविवार की शाम को होगा। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रमुख जे पी नड्डा ने राष्ट्रपति को भाजपा संसदीय दल के नेता के रूप में मोदी के चयन से संबंधित एक पत्र सौंपा। राजग नेताओं ने भी अपने समर्थन पत्र सौंपे। हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग ने 293 सीट पर जीत दर्ज की और 543 सदस्यीय सदन में बहुमत हासिल किया। भाजपा ने 240 सीट पर जीत दर्ज की है। राष्ट्रपति भवन की विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रपति ने प्राप्त विभिन्न समर्थन पत्रों के आधार पर पाया कि भाजपा के नेतृत्व वाला राजग गठबंधन नवगठित 18वीं लोकसभा में बहुमत प्राप्त करने तथा एक स्थिर सरकार बनाने की स्थिति में है। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 75(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए श्री नरेंद्र मोदी को भारत का प्रधानमंत्री मनोनीत किया जाता है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रपति रविवार की शाम सात बजकर 15 मिनट पर राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। मोदी ने शुक्रवार शाम यहां राष्ट्रपति भवन में मुर्मू से मुलाकात की। मुर्मू ने मोदी को मनोनयन पत्र सौंपा। राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में मीडिया को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति ने उन्हें प्रधानमंत्री पद के लिए मनोनीत किया है। मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति ने मुझे मनोनीत प्रधानमंत्री के रूप में काम करने के लिए कहा है और उन्होंने मुझे शपथ समारोह के लिए आमंत्रित किया है। मोदी ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति को बताया कि नौ जून का दिन शपथग्रहण के लिए उचित रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भवन रविवार को शपथग्रहण समारोह का विवरण तैयार करेगा और तब तक वह मंत्रिपरिषद की सूची राष्ट्रपति को सौंप देंगे। मोदी ने कहा कि यह 18वीं लोकसभा उन सपनों को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जब देश 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष मनाएगा। उन्होंने कहा कि यह 18वीं लोकसभा नई ऊर्जा, युवा ऊर्जा का सदन है तथा लोगों ने राजग सरकार को एक और मौका दिया है। मुर्मू से मुलाकात करने वाले राजग प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नड्डा ने किया और इसमें राजनाथ सिंह, अमित शाह, अश्विनी वैष्णव और सी एन मंजूनाथ (सभी भाजपा से), तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू, जद(यू) नेता नीतीश कुमार, राजीव रंजन सिंह और संजय झा, शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे, जद (एस) नेता एच डी कुमारस्वामी, लोजपा (आरवी) नेता चिराग पासवान, हम(एस) नेता जीतन राम मांझी, जनसेना नेता पवन कल्याण, राकांपा नेता अजित पवार, अपना दल(एस) नेता अनुप्रिया पटेल, राष्ट्रीय लोकदल के नेता जयंत चौधरी, यूपीपीएल नेता जोयंत बसुमतारी, अगप नेता अतुल बोरा, एसकेएम नेता इंद्र हैंग सुब्बा, एजेएसयू नेता सुदेश महतो और चंद्र प्रकाश चौधरी और आरपीआई (ए) से रामदास आठवले शामिल थे।
राष्ट्रपति ने मोदी को दिया नई सरकार बनाने का न्योता