पूर्वांचल प्रहरी संवाददाता

गुवाहाटी : राज्य में क्रमशः कोविड से संक्रमित रोगियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। दुर्गोत्सव के बाद से राज्य के विभिन्न जिलों में कोविड के संक्रमण की दर धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। फिलहाल राज्य में संक्रमित रोगियों की संख्या रोजाना 300 के आस पास है। स्वास्थ्य मंत्री ने इस आंकड़े पर चिंता जाहिर की है। उधर कोविड-19 के संक्रमण के कारण राज्य के एक के बाद एक शिक्षण संस्थानों को बंद करना पड़ रहा है। खासकर गुवाहाटी नगर के कई गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों के शिक्षक-विद्यार्थियों के कोविड-19 से संक्रमित होने का तथ्य सामने आ रहा है। उधर प्राइवेट स्कूलों के प्राधिकरणों पर कोविड संबंधी डेटा छुपाने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि इस संदर्भ में कामरूप मेट्रो जिले के उपायुक्त विश्वजीत पेगु ने कोविड के संक्रमण के संदर्भ में प्राइवेट शिक्षण संस्थानों से स्वेच्छा से डेटा देने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि डेटा छुपाने से प्रशासनिक कार्य करने में असुविधा होती है। जिला उपायुक्त ने फिलहाल दो शिक्षण संस्थानों को कंटैनमेंट जोन घोषित किए जाने की जानकारी दी। उधर स्वास्थ्य मंत्री ने कोविड के संक्रमण को रोकने के लिए 15 नवंबर के भीतर राज्यभर में सप्ताह भर के मेगा वैक्सिनेशन शिविर के आयोजन किए जाने की जानकारी दी।