कैल्शियम हड्डियों के स्वास्थ्य, मांसपेशियों के बेहतर कामकाज और तंत्रिका संकेतों के लिए जरूरी मिनरल है। शरीर में कैल्शियम की कमी से दांत और हड्डी कमजोर हो सकते हैं। यह हड्डियों के घनत्व को बढ़ाता है और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी हड्डियों से संबंधित बीमारियों को रोकने में मदद करता है। कैल्शियम ब्लड क्लॉट बनाने में सहायक है, जो ब्लीडिंग को रोकता है। कैल्शियम ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने हार्ट बीट को रेगुलेट करने का भी काम करता है। शरीर कैल्शियम की कमी होने पर आपको कमजोर और भंगुर हड्डियां, मांसपेशियों में ऐंठन, थकान, सूखी त्वचा, नाखूनों में दरारें, अनिद्रा और चिड़चिड़ापन जैसे लक्षण महसूस हो सकते हैं। दूध, दही और पनीर जैसे डेयरी उत्पादों को कैल्शियम का अच्छा स्रोत माना जाता है। यह बात सच है लेकिन अगर आप डेयरी उत्पाद पसंद नहीं करते हैं, तो आप कैल्शियम की कमी पूरी करने के लिए विभिन्न तरह के नट्स और सीड्स शामिल कर सकते हैं। आइए देखें कौन से बीज और मेवे कैल्शियम से भरपूर होते हैं। चिया सीड्स : चिया सीड्स पोषण के छोटे पावरहाउस हैं, जिनमें ओमेगा -3 फैटी एसिड, फाइबर और प्रोटीन के साथ उच्च कैल्शियम सामग्री होती है। इन्हें आसानी से विभिन्न खाद्य पदार्थों में शामिल किया जा सकता है। 100 ग्राम चिया सीड्स में लगभग 631 मिलीग्राम कैल्शियम होता है।  तिल : तिल कैल्शियम का एक बढ़िया स्रोत हैं। इनका इस्तेमाल कई व्यंजनों के स्वाद और पोषण बढ़ाने के लिए किया जाता है। प्रति 100 ग्राम तिल में लगभग 975 मिलीग्राम कैल्शियम होता है। ये मैग्नीशियम, आयरन और हेल्दी फैट से भी भरे होते हैं। खसखस : खसखस के बीज छोटे होते हैं लेकिन पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। 100 ग्राम खसखस के बीज में लगभग 1438 मिलीग्राम कैल्शियम होता है। कैल्शियम के अलावा, खसखस फाइबर, मैंगनीज और फैटी एसिड प्रदान करता है, जो हड्डियों के स्वास्थ्य और पाचन को सपोर्ट करता है। बादाम : प्रति 100 ग्राम बादाम में लगभग 264 मिलीग्राम कैल्शियम होता है। बादाम सबसे अधिक पोषक तत्वों से भरपूर मेवों में से एक है, जो विटामिन ई, मैग्नीशियम और हेल्दी फैट का भी बढ़िया स्रोत हैं। ब्राजील नट्स : प्रति 100 ग्राम ब्राजील नट्स में कैल्शियम की मात्रा लगभग 160 मिलीग्राम होती है। ब्राजील नट्स सेलेनियम का भी अच्छा स्रोत है। ब्राजील नट्स थायरॉयड फंक्शन को बेहतर बनाते है, इम्यून सिस्टम मजबूत बनाते हैं और एंटीऑक्सिडेंट का भी बढ़िया स्रोत है।