गर्मियों में पाचन से संबंधित समस्याओं का खतरा अधिक देखा जाता रहा है। भोजन के रखरखाव में गड़बड़ी, बैक्टीरिया-वायरस से दूषित आहार का सेवन करने से फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा गर्मी के दिनों में निर्जलीकरण का भी जोखिम रहता है जिसके कारण भोजन के पाचन पर नकारात्मक असर हो सकता है। ये स्थितियां अपच-गैस और पेट फूलने जैसी दिक्कतें बढ़ा सकती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, गर्मी के दिनों में खान-पान को लेकर विशेष सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता होती है। इन दिनों में ज्यादा तेल मसाले, तली हुई चीजों के सेवन से बचाव करना जरूरी है। आइए जानते हैं कि आपको गर्मियों में किन चीजों से परहेज करना चाहिए जिससे पेट फूलने और गैस जैसी पाचन स्वास्थ्य की समस्याओं से बचाव किया जा सके?
पेट की समस्याओं का जोखिम
दिल्ली स्थित अस्पताल में गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉ रिजवान खान बताते हैं, पेट में दर्द और सूजन का सबसे आम कारण आंतों में अत्यधिक गैस बनना है। अगर आपको खाने के बाद अक्सर पेट फूला हुआ महसूस होता है, तो यह पाचन संबंधी समस्या का संकेत है। कुछ प्रकार की अंतर्निहित बीमारियों के कारण इसका जोखिम देखा जाता रहा है। इसके अलावा आहार के चयन में गड़बड़ी और पाचन में कठिन चीजों का सेवन करने के कारण गैस और पेट फूलने की दिक्कत हो सकती है।
गर्मियों में राजमा, बीन्स, छोले जैसी पाचन में कठिन चीजों के अधिक सेवन से बचना चाहिए। इनका पाचन तो कठिन होता ही है साथ ही ये गैस पैदा करने वाले खाद्य पदार्थ हैं। आमतौर पर दालें और बीन्स प्रोटीन से भरपूर होते हैं लेकिन इनका पाचन कठिन होने के कारण गैस बनने लगती है, जो पेट में सूजन का कारण बन सकती है। गर्मी के दिनों में ज्यादा तली-भुनी चीजों के सेवन से भी बचना चाहिए।
ब्रोकली एक क्रूसिफेरस सब्जी है, जिसका गर्मी के दिनों में सीमित मात्रा में ही सेवन करना चाहिए। इसमें रैफिनोज नामक शर्करा होती है जिसे पचाना कठिन होता है। इससे गैस और पेट फूलने की समस्या हो सकती है। रात में ब्रोकली खाने से अपच भी हो सकती है जिसके कारण रात की नींद के भी बाधित होने का खतरा रहता है।