पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : लोकसभा चुनाव- 2024 में भाजपा का प्रदर्शन अन्य कई राज्यों से बेहतर रहा। इस चुनाव ने 2019 के परिणाम को दोहराते हुए भाजपा ने कुल नौ सीटों पर विजयी रही,वहीं उसके दो सहयोगी दल अगप और यूपीपीएल क्रमशः बरपेटा और कोकराझाड़ में जीत हासिल करने में कामयाब रहे। इस तरह भाजपा अपने सहयोगियों के साथ 14 में कुल 11 सीटों पर जीतने में कामयाब रही। मालूम हो कि कांग्रेस ने इस चुनाव में तीन सीटें जीती थी,जिसे पार्टी ने  इस बार भी बरकरार रखा। कांग्रेस, धुबड़ी, जोरहाट और नगांव में चुनाव जीतने में कामयाब रही। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने राज्य में 14 लोकसभा सीटों में से साढ़े बारह सीटें जीतने का दावा किया था। इसके विपरीत भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता ने दावा किया था कि असम में भाजपा गठबंधन 12 सीटें जीतेगा। वहीं मंत्री रंजीत कुमार दास ने दावा किया था कि भाजपा गठबंधन 11 सीटें जीतेगी  और उनकी भविष्यवाणी सही साबित हुई है। कारण कि भाजपा गठबंधन को इस बार 11 सीटों पर जीत मिली है।  उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री तथा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल डिब्रूगढ़ लोकसभा क्षेत्र से दूसरी बार सांसद चुने गए। वे एजेपी अध्यक्ष और विपक्षी एकता मंच समर्थित उम्मीदवार लुरिनज्योति गोगोई को हराकर डिब्रूगढ़ लोकसभा क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने गए। कड़े संस्थागत विरोध के बावजूद प्रदान बरुवा को लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र से फिर से सांसद चुना गया। काजीरंगा लोकसभा क्षेत्र में कामाख्या प्रसाद तासा ने राजलिना तिर्की को हराया और शोणितपुर लोकसभा क्षेत्र में रंजीत दत्त ने कांग्रेस उम्मीदवार प्रेमलाल गंजू को हराया। परिमल शुक्लवैद्य कांग्रेस उम्मीदवार सूर्यकांति राय को हराकर सिलचर लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए। दरंग-मंगलदै-उदालगुड़ी निर्वाचन क्षेत्र में दिलीप सैकिया कांग्रेस उम्मीदवार माधव राजवंशी को हराकर फिर से सांसद चुने गए। डिफू निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के अमर सिंह तिसो कांग्रेस उम्मीदवार जॉन्स इंति कथार को हराकर सांसद चुने गए। करीमगंज संसदीय सीट से से भाजपा उम्मीदवार कृृपानाथ मल्लाह लगातार दूसरी बार चुनाव जीतने में कामयाब रहे। उन्होंने कांग्रेस के हाफीज रशीद अहमद चौधरी को हराया। इसके विपरीत, धुबड़ी में कांग्रेस के रकिबुल हुसैन ने एआईयूडीएफ अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल को भारी अंतर से हराया और जोरहाट में कांग्रेस के गौरव गोगोई ने भाजपा के तपन गोगोई को भारी अंतर से हराया। नगांव लोकसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी सुरेश बोरा को हराकर प्रद्युत बरदलै दोबारा सांसद चुने गए। इस साल के लोकसभा चुनाव ने 20 साल बाद एजीपी के लिए संभावनाओं के द्वार खोल दिए। बरपेटा लोकसभा क्षेत्र में एजीपी उम्मीदवार फणिभूषण चौधरी कांग्रेस उम्मीदवार दीप बायन को हराकर सांसद चुने गए। कोकराझाड़ लोकसभा क्षेत्र में यूपीपीएल उम्मीदवार जयंत बसुमतारी ने बीपीएफ उम्मीदवार खांफा बरगयारी को हराया। गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र में भाजपा की बिजुली कलिता मेधी ने कांग्रेस के मीरा बरठाकुर को हराकर सांसद चुनी गई। भाजपा की कड़ी चुनौती के बावजूद जोरहाट लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार गौरव गोगोई ने भाजपा उम्मीदवार तपन गोगोई को हराकर जीत हासिल की।