नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान संपन्न होने के बाद आए कई एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को प्रचंड बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है। इन सर्वेक्षणों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता संभालने जा रहे हैं। तीन एग्जिट पोल्स में एनडीए सचमुच में 400 पार करता दिख रहा है। इसके साथ इन सर्वेक्षणों में सत्तारूढ़ गठबंधन राजग के तमिलनाडु और केरल में अपना खाता खोलने और कर्नाटक में फिर से एकतरफा जीत हासिल करने का अनुमान जताया गया है। साथ ही, इन सर्वेक्षणों में बिहार, राजस्थान और हरियाणा जैसे कुछ राज्यों में भाजपा एवं राजग की सीटों की संख्या में कमी होने का अनुमान लगाया गया है। ‘रिपब्लिक टीवी-पी मार्क’ के सर्वेक्षण में दावा किया गया है कि 543 सदस्यीय लोकसभा में सत्तारूढ़ गठबंधन 359 सीट तक जीत हासिल करेगा और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन को 154 सीट मिलेंगी। रिपब्लिक टीवी-मैट्रिज़’ के एग्जिट पोल में राजग को 353-368 सीट और विपक्ष को 118-133 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है। ‘जन की बात’ के सर्वेक्षण में सत्तारूढ़ राजग को 362-392 सीट और विपक्षी गठबंधन को 141-161 सीट दी गई हैं। ‘इंडिया टीवी-सीएनएक्स’ ने अपने अनुमान में राजग को 371-401 और ‘इंडिया’ गठबंधन को 109-139 सीटें दीं, जबकि ‘न्यूज नेशन’ द्वारा अनुमान जताया गया है कि राजग को 342-378 और ‘इंडिया’ गठबंधन को 153-169 सीट मिल सकती हैं। ‘एक्सिस माई इंडिया’ ने अपने अनुमान में एनडीए को 361 से 401 और इंडिया गठबंधन को 131-166 सीट मिल सकती है। वहीं ‘टुडेज चाणक्य’ ने अपने अनुमान में एनडीए को 400 पार बताय है। तथा इंडिया गठबंधन को 107 सीट दिया है। टीवी 9 पोल स्ट्रैट ने अपने एग्जिट पोल सर्वे में एनडीए को 342 व कांग्रेस गठबंधन को 166 सीट मिलने का अनुमान जताया है। वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा ने 303 सीट जीती थी, जबकि राजग की संख्या 353 थी। कांग्रेस को 53 सीट और उसके सहयोगियों को 38 सीट मिली थीं। इस लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों द्वारा इंडिया गठबंधन का गठन किया गया। मोदी ने सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान संपन्न होने के बाद विश्वास जताया कि लोगों ने राजग की सरकार को फिर से चुनने के लिए रिकॉर्ड संख्या में मतदान किया है। उन्होंने यह भी कहा कि ‘अवसरवादी इंडी गठबंधन’ मतदाताओं के साथ तालमेल बिठाने में विफल रहा, जिन्होंने उनके प्रतिगामी राजनीति को खारिज कर दिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि यह गठबंधन 295 से अधिक सीट जीतेगा।
एग्जिट पोल में तीसरी बार मोदी सरकार