पटना, मिर्जापुर : बिहार और यूपी के मिर्जापुर में लोकसभा चुनाव के लिए ड्यूटी पर तैनात क्रमश: 10 और 13 चुनावकर्मियों यानी 23 की शुक्रवार को तेज बुखार और उच्च रक्तचाप की शिकायत के बाद मौत हो गई, जबकि 23 अन्य चुनावकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां स्थित मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने यह जानकारी दी। मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.राजबहादुर कमल ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि मृतकों में सात होमगार्ड जवान, तीन सफाई कर्मचारी, सीएमओ कार्यालय में तैनात एक लिपिक, एक चकबंदी अधिकारी और होमगार्ड टीम का एक चपरासी शामिल है। उन्होंने बताया कि जब ये मरीज जब मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए गए तो उन्हें तेज बुखार, उच्च रक्तचाप और बढ़ी हुई शुगर की शिकायत थी।
डॉ. कमल ने कहा कि 13 मृतकों में से चार को मृत अवस्था में लाया गया था। इन चार में से दो होमगार्ड के जवान थे। मरने वाले कुल सात होमगार्ड जवानों में से पांच की मौत 20-25 मिनट के अंतराल में अस्पताल लाए जाने के बाद हुई। मृतक होमगार्ड 50-55 साल की उम्र के थे। उन्होंने बताया कि अभी अस्पताल में 23 चुनावकर्मी भर्ती हैं, जिनमें से एक पीएसी का जवान, एक अग्निशमन सेवा का जवान और एक पुलिस का जवान है। उन्होंने कहा कि इन सभी मरीजों को तेज बुखार, उच्च रक्तचाप और बढ़ी हुई शुगर की शिकायत थी।
लगभग सभी का रक्तचाप और शुगर का स्तर अधिक था। ज्यादातर होमगार्ड एक से अधिक बीमारी के शिकार थे। प्राचार्य के मुताबिक, मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा। मिर्जापुर के पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने 'एक्स' पर अपने वीडियो संदेश में बताया कि जनपद मिर्जापुर में एक जून को लोकसभा का चुनाव होना है। आज चुनावकर्मियों को रवाना किया गया था। इसी दौरान छह होमगार्ड की दुखद मृत्यु हो गयी। इनमें से दो होमगोर्ड दो जनपद गोंडा के रहने वाले थे, जबकि एक-एक होमगार्ड प्रयागराज, बस्ती, कौशांबी और मिर्जापुर का निवासी था।