गर्मी में बच्चों को हाइड्रेटेड रखना टेढ़ी खीर हो जाता है। क्योंकि बढ़ते बच्चे अक्सर पानी पीने में आनाकानी करते हैं। जिससे उन्हें पानी की कमी हो सकती है। वहीं इस भयंकर गर्मी में पानी बेहद जरूरी है। अगर आप छोटा बच्चा भी पानी पीने को लेकर नखरे दिखाता है और एक घूंट से ज्यादा नहीं पीता है। तो इन टिप्स की मदद से उसे पानी पीने के लिए कहा जा सकता है।
-पानी का कोई स्वाद नहीं होता अक्सर बच्चे इस वजह से पानी नहीं पीना चाहते। बच्चे एक घूंट से ज्यादा पानी पिएं, इसके लिए आप पानी में कुछ बूंदे नींबू के रस की मिला सकती है। इससे बच्चों को पानी का खट्टा स्वाद कई बार पसंद आ जाता है।
-घर से मात्र पांच मिनट के लिए भी बाहर निकल रही हैं तो बच्चे की पानी की बोतल लेकर ही निकलें। जिससे कि बच्चे बाहर निकलने पर गर्मी से डिहाइड्रेटेड ना हों और उन्हें पर्याप्त पानी मिल जाए।
-बच्चों को उनकी मनपसंद कप, सिपर, बोतल को चुनने दें। जिसमे वो पानी पीना पसंद करते हैं। इससे उन्हें पानी पीने में मजा आएगा और वो मन लगाकर पानी पीएंगे। दो साल के बच्चे अक्सर खुद से चीजों को पसंद करते हैं। इसलिए उन्हें अपनी मनपसंद बोतल या कप में पानी पीने को दें।
-बच्चे को खाना खिलाने के पहले, बाद में और खेलते समय पानी जरूर पिलाएं। इससे शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा पहुंचती रहेगी।
-समय-समय पर उनकी बोतल को बदलते रहें। जिससे नई चीज देखकर उन्हें पानी पीना पसंद आए।
-पानी पीने की आदत उनके डेली रूटीन में शामिल करें। जैसे सोकर उठने के बाद पानी पीना, ब्रश करके आने के बाद पानी पीना जैसे नियम को रूटीन में शामिल करें।
-सबसे जरूरी बात कि बच्चों के सामने पैरेंट्स को भी सही काम करने की जरूरत है। इसलिए खुद टाइम-टाइम से पानी पिएं। इसे देखकर बच्चे पानी पिएंगे।