शरीर को स्वस्थ रखने और रोगों के जोखिमों से बचाने में हमारी इम्युनिटी यानी रोग प्रतिरोधक क्षमता की विशेष भूमिका होती है। जिन लोगों की इम्युनिटी कमजोर होती है वह अधिक बीमार पड़ते हैं। संक्रामक बीमारियों का जोखिम भी अधिक होता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, इम्युनिटी का बनना सतत प्रक्रिया है यानी कि इसके लिए आपको लगातार प्रयास करते रहने की आवश्यकता होती है। इसमें पौष्टिक आहार की विशेष भूमिका होती है। हालांकि आहार में अगर गड़बड़ी है या फिर आप कुछ ऐसी चीजें खा रहे हैं जिसे नुकसानदायक माना जाता है तो इससे आपकी इम्युनिटी भी कमजोर हो सकती है। लखनऊ स्थित आहार विशेषज्ञ प्रज्ञा तंवर से समझते हैं कि आखिर आहार की किन चीजों से शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को नुकसान पहुंचने का खतरा हो सकता है?
अधिक चीनी-मीठे पेय हो सकते हैं हानिकारक : यदि आपको मीठा खाना अधिक पसंद है तो यह आदत सेहत के लिए हानिकारक हो सकती है। ज्यादा मीठी चीजें, मीठा पेय जैसे कोल्ड ड्रिंक्स या फिर एडेड शुगर वाली चीजें शरीर को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर सकती हैं। शोधकर्ताओं ने पाया कि चीनी का तत्व का अधिक सेवन आंत के माइक्रोबायोटा के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
तले हुए खाद्य पदार्थ : तले हुए खाद्य पदार्थ प्रतिरक्षा प्रणाली से लेकर संपूर्ण शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाले हो सकते हैं। एक अन्य शोध में वैज्ञानिकों की टीम ने बताया कि जो लोग अक्सर फ्रेंच फ्राइज जैसी तली हुई चीजें खाते हैं उनमें डिप्रेशन की समस्या होने का जोखिम अधिक हो सकता है।
नमक की अधिकता भी नुकसानदायक : अगर आपके आहार में नमक या ऐसी चीजें हैं जिनमें नमक की मात्रा अधिक होती है, तो इससे शरीर को कई तरह के नुकसान हो सकते हैं। इसका सबसे बड़ा दुष्प्रभाव ब्लड प्रेशर बढऩा है जिसे हृदय रोगों का प्रमुख कारक माना जाता है। अध्ययनकर्ता बताते हैं, अधिक मात्रा में नमक का सेवन करने से शरीर में इंफ्लामेशन बढऩे लगता है जिससे इम्युनिटी को नुकसान पहुंचता है। स्वस्थ लोगों को दिन में 1500 मिलीग्राम से अधिक मात्रा में नमक न खाने की सलाह दी जाती है।