पूर्वांचल प्रहरी टीम गुवाहाटी/ढेकियाजुली/जागीरोड : असम मेंल भारी बारिश व तू्फान  ने मंगलवार को भारी नुकसान पहुंचाया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और 17 घायल हो गए। इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने कहा कि आगे भी मौसम के खराब रहने के आसार हैं। मिली जानकारी के मुताबिक कामरूप जिले में एक 60 वर्षीय महिला पर एक पेड़ गिर गया जिसे घायल अवस्था में गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज सह-अस्पताल में ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। महिला की पहचान लावण्य कुमारी के रूप में हुई। अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा लखीमपुर जिले के गेरुकामुख में एनएचपीसी की निर्माणाधीन लोअर सुबनसिरी जलविद्युत परियोजना में लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान पुतुल गोगोई के रूप में की गई है। चक्रवात के प्रकोप से सड़क पर पेड़ गिर जाने से दिघलबोरी से मोरीगांव की ओर जा रहे रिक्शे परं सवार कॉलेज छात्र कौशिक बरदलै अम्फी की मौत हो गई। रिक्शे में सवार अन्य चार लोग घायल हो गए। दूसरी ओर  जिले के ढेकियाजुली में एक स्कूल बस पर पेड़ गिर गया और कई बच्चे घायल हो गए। उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। कामरूप जिले के पलाशबाड़ी इलाके में एक अन्य व्यक्ति पेड़ गिरने से बचने की कोशिश में घायल हो गया।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि खराब मौसम जारी रहने की उम्मीद है। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट के माध्यम से कहा कि मैंने अधिकारियों को जल्द से जल्द आपात स्थितियों से निपटने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया। साथ ही नागरिकों से अनुरोध है कि बेहद जरुरी कार्य होने पर ही अपने घरों से बाहर निकलें और सतर्क एवं सुरक्षित रहें। हम लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।  मालूम हो कि जतिंगा-हरंगाजाओ खंड में यातायात पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण दीमा हसाओ और कछार के बीच यातायात प्रभावित हो गया है।

उन्होंने कहा कि बराक घाटी के रास्ते में सभी भारी वाहनों को मेघालय से होकर जाने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश और तेज हवाओं से कापिछेरा और थेराबस्ती में भूस्खलन से यातायात प्रभावित हुआ है। हाफलांग में बीएसएनएल. का एक टावर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वहां से लोगों को निकालने के प्रयास जारी हैं। हम स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि तेज हवाओं के कारण गुवाहाटी समेत राज्य के कई इलाको में पेड़ गिरने की समस्या सामने आ रही है। बिजली के खंभे गिरने से असम के निचले क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है और विभिन्न शहरों से जलभराव की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि प्रभावित जिलों में कामरूप (मेट्रो), धुबरी, ग्वालपाड़ा, कामरूप, मोरीगांव, नगांव, शोणितपुर और दीमा हसाओ शामिल हैं। मोरीगांव, नगांव और दीमा हसाओ में स्कूल और अन्य शैक्षणिक संस्थानों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चक्रवात के प्रभाव के रूप में राज्य भर में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम के कारण गुवाहाटी, जोरहाट, तेजपुर, मोरीगांव, धुबरी, गवालपाड़ा, दक्षिण सालमारा, बरपेटा, कछार और करीमगंज जिलों में नौका सेवाओं को भी रोक दिया गया है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से कहा कि वे दुर्घटना संभावित संरचनाओं में रहने से बचें, जलमग्न क्षेत्रों में जाने से बचें, आवश्यक वस्तुओं का भंडारण करें और आपात स्थिति में अधिकारियों से संपर्क करें। अधिकारियों ने कहा कि आपात स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) भी अलर्ट पर हैं। अधिकारी ने कहा कि तूफान और बारिश से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

ढेकियाजुली से हमारे संवाददाता के मुताबिक चक्रवाती तूफान रेमल के कहर से लोग परेशान हैं। स्थानीय केहरुखुंदा इलाका स्थित सेंट उर्सुला हाई स्कूल के सामने स्कूल बस पर एक विशालकाय यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से  कई विद्यार्थी घायल हो गए, जिसमें एक विद्यार्थी की हालत गंभीर है। घायल सभी को तेजपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। गंभीर रूप से घायल विद्यार्थी की पहचान नौवीं कक्षा के छात्र मनीष तप्प के रूप में की गई है। जानकारी अनुसार आज सुबह सेंट उर्सुला हाई स्कूल के बस ( ए. एस.12 सी.सी. -1518 ) अपने विद्यालय के लिए विद्यार्थियों को लेकर विद्यालय के निकट पहुंचे उसी दौरान विशालकाय पेड़ अचानक बस पर गिर पड़ी। बस में सवार एक विद्यार्थि ने बताया कि बस पर पेड़ गिरने से इतनी जोर आवाज हुई कि वो आवाज अभी भी कानों में गूंज रही है ।

हमारे जागी रोड संवाददाता के मुताबिक रेमल ने आज मोरीगांव जिले में दस्तक दी, जिससे एक की मौत और कई लोग घायल हो गए और जिले में भारी क्षति हुई। मृतक की पहचान मोरीगांव गुरुकुल जूनियर कॉलेज और धुपगुरी गांव के 17 वर्षीय छात्र कौशिक बरदलै के रूप में की गई, आज सुबह जिले के दिघलबाड़ी में एक चलती ऑटो वैन पर एक विशाल पेड़ गिर गया जिससे उस पर सवार छात्र कौशिक की मृत्यु घटना स्थल पर ही हो गई। मृतक के पिता की पहचान धुपगुड़ी एमई स्कूल के प्रधानाध्यापक बालिराम बरदलै और मां धुपगुड़ी स्वास्थ्य और परिवार कल्याण केंद्र की कर्मचारी लतिका बरदलै है। हादसा उस वक्त हुआ जब दिघलबाड़ी में चलती ऑटो पर अचानक एक बड़ा पेड़ गिर गया।छात्र की मौत से इलाके में गहरा शोक छा गया।

हमारे डेस्क संवाददाता के मुताबिक  तूफान के दौरान पेड़ गिरने के कारण गुवाहाटी के पंजाबाड़ी में एक युवक, पलाशबाड़ी में एक महिला व मोरीगांव में एक कॉलेज छात्र की मौत हो गई। सोमवार तड़के करीब 3 बजे गुवाहाटी के पंजाबाड़ी के नवज्योति नगर में सो रहे एक 22 वर्षीय युवक पर पेड़ गिरने के कारण उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सिटी पब्लिक कॉलेज के बीकॉम पाठ्यक्रम में अध्ययन कर रहे मिंटु तालुकदार के रूप में हुई है। हादसे के दौरान मिंटु और उसके पिता एक ही बिस्तर पर सो रहे थे। हादसे में मिंटु तालुकदार के पिता विवेक तालुकदार गंभीर रूप से घायल हो गए।