डिजिटल डेस्क: दोहा से आयरलैंड के डबलिन जा रहे कतर एयरवेज के विमान में टर्बुलेंस के कारण 12 लोग घायल हो गए। डबलिन हवाईअड्डे ने रविवार को यह जानकारी दी। हालांकि, विमान सुरक्षित और निर्धारित समय पर हवाईअड्डे पर लैंड की। डबलिन हवाई अड्डे ने बताया कि रविवार को फ्लाइट संख्या क्यूआर 017, बोइंग 787 ड्रीमलाइनर को डबलिन समय के अनुसार दोपहर 1 बजे से कुछ समय पहले सुरक्षित लैंड करा लिया गया था।

डबलिन हवाईअड्डे ने आगे बताया कि लैंडिंग के बाद आपातकालीन सेवाओं ने जिम्मा संभाला, जिसमें हवाईअड्डा पुलिस, अग्निशमन और बचाव विभाग शामिल थे। हवाईअड्डे के मुताबिक, उड़ान के दौरान तुर्किये के ऊपर पहुंचने पर टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिस वजह से छह यात्रियों और छह चालक दल कुल 12 लोग घायल हो गए।

हवाई अड्डे ने बाद में पुष्टि की कि आठ यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया। कतर एयरवेज ने एक बयान में कहा कि उड़ान में कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को मामूलू चोटें आईं और उन्हें चिकित्सा देखभाल में रखा गया है। मामला अब एक आंतरिक जांच का विषय है। वहीं, आयरलैंड की राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा ने कहा कि उसे हवाई अड्डे पर आने के लिए पहले एक अलर्ट मिला था। हालांकि, यात्रियों को उतारने में मदद करने के लिए एक टीम पहले से ही वहां पर मौजूद थी। 

डबलिन हवाईअड्डे ने कहा कि उनकी टीम यात्रियों और एयरलाइन कर्मचारियों को पूरी मदद करना जारी रखेगी। इस घटना से पांच दिन पहले लंदन से सिंगापुर आ रहे सिंगापुर एयरलाइंस के एक विमान गंभीर टर्बुलेंस की चपेट में आ गया था। इस दौरान एक ब्रिटिश नागरिक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी और दर्जनों लोग घायल हो गए थे। यात्रियों ने इस घटना को भयावह बताया था।