पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता
गुवाहाटी : राज्य में कोविड महामारी एक बार भी भयावह रुप धारण कर रही है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक असम में कोविड के कारण 7,336 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को कोविड संक्रमण के कारण जीएमसीएच में राज्य सरकार के पूर्व मुख्य सचिव पीपी वर्मा का निधन हो गया। इसी दिन तेजपुर के लोकनायक अमिय कुमार दास महाविद्यालय के अध्यापक, विशिष्ट शिक्षाविद् तथा लेखक हेमंत कुमार बरुवा का भी कोविड संक्रमण के कारण निधन हो गया। इससे पहले बुधवार को गुवाहाटी के अपोलो अस्पताल में सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी धीरेन गोस्वामी का भी कोविड संक्रमण के कारण मौत हो गई थी। उल्लेखनीय है कि 19 अक्तूबर से राज्य के शिक्षानुष्ठानों में सभी कक्षाओं का ऑफलाइन पाठदान शुरू किया गया था परंतु उसके बाद कई स्कूलों को शिक्षक-छात्रों के कोविड संक्रमण के कारण फिर से बंद करना पड़ रहा है। शिक्षानुष्ठान खुलने के बाद से अब तक राज्य के 18 शिक्षानुष्ठानों में 35 शिक्षक-छात्र कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। कोविड संक्रमित लोगों में छठी कक्षा के 3 विद्यार्थी भी शामिल है। गुवाहाटी महानगर में भी प्रशासन ने कोविड संक्रमण के कारण दो स्कूलों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। गुवाहाटी महानगर के मालीगांव स्थित कामाख्या उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक कोविड पॉजिटिव पाए जाने के बाद कामरूप महानगर प्रशासन ने बृहस्पतिवार से स्कूल को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया। महानगर के गाड़ीगांव मक्तब में भी तीन शिक्षक कोविड पॉजिटिव पाए गए और इसे भी कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया। इसके साथ डिब्रूगढ़, ढेकियाजुली आदि कई स्थानों में भी कोविड संक्रमण के कारण कई स्कूलों को सामयिक रूप से बंद रखना पड़ा। 50 प्रतिशत विद्यार्थी तथा शिक्षकों की उपस्थिति में चल रहे पाठदान के दौरान कोविड संक्रमण इस तरह फैलने के कारण स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ अभिभावक भी चिंतित हो रहे हैं। इसके साथ साथ गुवाहाटी महानगर के भांगागढ़ स्थित मुख्यमंत्री के विशेष निरीक्षण प्रकोष्ठ के कई पुलिस अधिकारी तथा जवान कोविड संक्रमित होने के कारण कार्यालय को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया। शोणितपुर जिले में ढेकियाजुली में 4 शिक्षानुष्ठान प्रशासन ने बंद कर दिया है। शिक्षा विभाग द्वारा जारी एसओपी में किसी इलाके में कोविड पॉजिटिव पाए जाने पर एक किलोमीटर व्यासार्द्ध के इलाके में स्थित शिक्षानुष्ठानों को एक सप्ताह के लिए बंद करने का निर्देश दिया गया है। डिब्रुगढ़ जिले के चबुआ स्थित असम विद्यापीठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय 6 लोगों में कोविड संक्रमण पाए जाने पर बृहस्पतिवार से एक सप्ताह के लिए स्कूल को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया। शुक्रवार को डिब्रुगढ़ सरकारी उच्चतर माध्यमिक तथा बहुमुखी बालिका विद्यालय तथा बरबरुवा रामेश्वर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के दो छात्रा कोविड पॉजिटिव पाई गई है।