गर्दन के निचले हिस्से में स्थित तितली के आकार की छोटी ग्रंथि थायराइड ग्रंथि कहलाती है। यह दो जरूरी हार्मोन, थायरोक्सिन और ट्राईआयोडोथायरोनिन बनाती है। ये हार्मोन शरीर के कामकाज के लिए बहुत जरूरी हैं। जब थायराइड ग्रंथि कम मात्रा में हार्मोन बनाती है, तो इसे हाइपोथायरायडिज्म कहते हैं। जब थायराइड ग्रंथि ज्यादा मात्रा में हार्मोन बनाती है, तो इसे हाइपरथायरायडिज्म कहते हैं। हावार्ड के अनुसार, जब आपका थायराइड लेवल ठीक हो जाता है, तो पोषक आहार आपको न सिर्फ एनर्जेटिक रखता है बल्कि पाचन क्रिया को भी दुरुस्त रखता है और दिल को स्वस्थ रखकर मेटाबॉलिज्म को भी बेहतर बनाता है। अगर दवा खाने के बाद भी आप अच्छा महसूस नहीं कर रहे हैं, तो अपनी डाइट में सुधार करें और व्यायाम करना शुरू करें। इससे आपको फायदा होगा।

अपने संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए विभिन्न तरह के फल, सब्जियां, मेवे और साबुत अनाज का सेवन करें। प्रोटीन के लिए माछली या बीन्स जैसे कम फैट वाले स्रोतों को चुनें। खाना बनाने में जैतून के तेल जैसे हेल्दी फैट्स का इस्तेमाल करें। कुछ खास तरह की मछली में पाए जाने वाले ओमेगा-3 वसा से मिलते हैं जो काफी फायदेमंद हैं। इसके अलावा सीड्स, नट्स और फलियों का सेवन करें। साबुत अनाज, फल और सब्जियों में पाए जाने वाले जटिल कार्ब्स को अपनी डाइट में शामिल करें। फाइबर पाचन क्रिया को दुरुस्त रखने में मदद करता है। साबुत अनाज, सब्जियां और फल खाने से आप पर्याप्त मात्रा में फाइबर प्राप्त कर सकते हैं। ज्यादा मात्रा में सोया का सेवन दवा के असर को कम कर सकता है। इसलिए सोयाबीन से बने खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित मात्रा में ही करें। आयोडीन की गोलियां या ज्यादा मात्रा में आयोडीन वाला खाना खाने से बचें। इससे आपके थायराइड हार्मोन का लेवल बिगड़ सकता है। हालांकि, आम खाने की चीजों जैसे नमक या मछली में पाया जाने वाला आयोडीन फायदेमंद होता है।