पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : एक ओर वर्षा में चिंताजनक गिरावट और दूसरी ओर गर्मी के प्रकोप में वृद्धि के कारण राज्य में सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सुबह चार बजे आसमान में सूरज निकलने के बाद से करीब आठ बजे तक स्थिति दोपहर जैसी हो जाती है। सूरज की प्रचंड गर्मी और पर्याप्त वर्षा न होने के कारण राज्य को असहनीय स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। इस गर्मी के कारण राज्य सरकार ने शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षण कार्यक्रम बदलने के लिए निर्देश भेजे हैं। इस दौरान गुवाहाटी महानगर के साथ राज्य के विभिन्न हिस्सों में भी बार-बार बिजली कटौती से आम नागरिक परेशान हो रहे हैं। गुवाहाटी के बोरझार स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के सूत्रों के अनुसार वर्तमान में पूरे राज्य साथ गुवाहाटी शहर में वर्षा में उल्लेखनीय कमी आई है जिसके कारण पिछले पांच दिनों से ग्रीष्म प्रवाह का स्तर अत्यधिक दर से बढ़ रहा है।
शनिवार को गुवाहाटी महानगर में तापमान बढ़कर 40.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इस से पहले 1 मई 1960 को गुवाहाटी में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह पिछले 64 वर्षों में मई में सर्वाधिक तापमान माना जाता है। इसके बाद पिछले 64 वर्षों में गुवाहाटी में मई में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से अधिक नहीं हुआ था। शनिवार को गुवाहाटी में सर्वाधिक तापमान 40.1 और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस, डिब्रूगढ़ में सर्वाधिक तापमान 38.8 और न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस, जोरहाट में सर्वाधिक तापमान 37.5 और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस, उत्तरी लखीमपुर में सर्वाधिक तापमान 39.2 और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस, धुबड़ी में सर्वाधिक तापमान 38.2 और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस, तेजपुर में सर्वाधिक तापमान 39.5 और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस, और सिलचर में सर्वाधिक तापमान 40.0 और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालांकि, गुवाहाटी के बोरझारस्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के सूत्रों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में हाल ही में बने कम दबाव के कारण बांग्लादेश के आसमान पर छाए हुए बादल उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहे हैं। इस बादल के कारण अगले सोमवार सुबह से पूर्वोत्तर के कई राज्यों सहित असम के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। वहीं, कुछ जगहों पर आंधी के साथ भारी बारिश की भी आशंका है। यदि मौसम कार्यालय का पूर्वानुमान सच हुआ तो सोमवार से तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।