पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : सोने की तस्करी और हवाला कारोबार को लेकर बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम अनार की हत्या की गई थी। बांग्लादेश के झिनादह-4 निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार के सांसद अनवारुल को एक आपराधिक सरगना के रूप में जाना जाता है। अनवारुल पर सोने की तस्करी के सिलसिले में 21 आपराधिक मामले दर्ज थे। 2007 में इंटरपोल ने अनवारुल के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। लेकिन 2009 में जब अवामी लीग सत्ता में आई, तो अनवारुल के खिलाफ सभी आरोप हटा दिए गए। सोने की तस्करी और हवाला कारोबार में अनवारुल का पार्टनर था न्यू यॉर्क के ब्रुकलिन का रहने वाला बांग्लादेशी मूल का अख्तरुज्जमां शाहीन। अख्तरुज्जमां झिनादह से है, लेकिन ढाका शहर के गुलशन में रहता है। अमरीकी नागरिकता लेने के बावजूद वह बांग्लादेश में कारोबार कर रहा है। हाल ही में बिजनेस में दोनों के बीच हुई तनातनी के फलस्वरूप अख्तरुज्जमां शाहीन ने अपने सांसद मित्र अनवारुल अजीमन को भारत आते समय एक सुपारी किलर द्वारा हत्या करवाई थी।
बांग्लादेशी खुफिया एजेंसी ने कोलकाता में मारे गए बांग्लादेशी सांसद की जानकारी जारी दी है उनके शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए गए। हत्या के बाद शव को टुकड़ों में काट दिया गया और हड्डियों को मांस से अलग कर फ्रिज में रख दिया गया। फिर उन्हें मसालों के साथ मिलाया गया और अलग-अलग सूटकेस में डाल कर अलग-अलग जगह फेंक दिया गया। हत्यारों ने सांसद के शरीर के छोटे-छोटे टुकड़े कर दिए ताकि वह पकड़े न जाएं और जानवर उसे आसानी से खा न सकें। सांसद अनवारुल की हत्या के बाद हत्यारों ने खून के धब्बे मिटाने के लिए ब्लीचिंग पाउडर का इस्तेमाल किया था।
गौरतलब है कि सांसद अनवारुल आजिम अनार की हत्या 13 मई को कर दी गई थी, लेकिन उनका शव अभी तक बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, सांसद के शरीर को टुकड़ों में काटकर मसाला दिया गया था और पुलिस अब बचे हुए मांस का कुछ हिस्सा बरामद करने की उम्मीद कर रही है। बांग्लादेशी सांसद की हत्या के मामले में बांग्लादेश पुलिस ने ढाका से एक युवती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पश्चिम बंगाल पुलिस ने भी बांग्लादेशी सांसद की हत्या के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। तीन महीने पहले बांग्लादेश में बांग्लादेशी-अमरीकी बिजनेस पार्टनर अख्तरुज्जमां शाहीन ने सांसद की हत्या की योजना बनाई और कोलकाता को हकीकत में बदल दिया।
अख्तरुज्जमां शाहीन ने 30 अप्रैल में पश्चिम बंगाल के एक्साइज कर्मचारी संदीप राय की पत्नी नाजिरा बंथ से कोलकाता के न्यू टाउन में संजीव अपार्टमेंट में आलीशान फ्लैट किराए पर लिया था। सांसद अनवारुल अजीम 12 मई को इलाज के लिए भारत आए थे। लेकिन हत्या का मास्टरमाइंड अख्तरुज्जमां शाहीन 10 मई को पश्चिम बंगाल से बांग्लादेश लौट गया था। इलाज के लिए सांसद के भारत दौरे की जानकारी पहले से ही रखने वाले अख्तरुज्जमां शाहीन ने हत्या को अंजाम देने की जिम्मेदारी बांग्लादेश के शिमुल भुइयां नामक एक सुपारी किलर को दी थी। सुपारी किलर शिमुल भुइयां 30 अप्रैल को अमानुल्लाह के नाम से फर्जी पासपोर्ट के साथ भारत आया था। उसके साथ तनवीर भुइयां नाम का एक सहयोगी और मास्टरमाइंड अख्तरुज्जमां शाहीन की प्रेमिका शिलास्ती रहमान भी थी। हालांकि, अख्तरुज्जमां के दो अन्य सहयोगी सियाम और जिहाद इससे पहले ही बांग्लादेश से कोलकाता पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने सांसद को मारने की योजना बनाई थी।