हिंदू धर्म में सप्ताह का हर दिन किसी न किसी देवी देवता को समर्पित होता है। दिन के अनुसार भगवान की पूजा करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। वहीं रोजाना हनुमान जी की पूजा करने पर व्यक्ति के संकटों का निवारण होता है। हालांकि, मंगलवार को बजरंगबली की पूजा करने से उनकी विशेष कृपा बनी रहती है। माना जाता है कि इस दिन उपवास करने से बजरंगबली शीघ्र ही प्रसन्न होते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं। ऐसे में ज्येष्ठ माह में आने वाले मंगलवार को बजरंगबली की पूजा करना और भी शुभ हो सकता है।
धर्मिक मान्यताओं के अनुसार ज्येष्ठ माह में आने वाले हर मंगल वार का विशेष महत्व है। इस महीने के प्रत्येक मंगल को बुढ़वा मंगल या बड़ा मंगल कहा जाता है। ज्येष्ठ माह के मंगल को बजरंगबली की पूजा अर्चना करने से जीवन में सुख समृद्धि का वास होता है। इस माह का पहला बुढ़वा मंगल 28 मई, दूसरा मंगल 4 जून, तीसरा मंगल 11 जून और चौथा बड़ा मंगल 18 जून को पड़ेगा। इस दौरान कुछ उपायों को करने से व्यक्ति की हर मनोकामनाएं पूरी होती है। ऐसे में आइए उन उपायों के बारे में जान लेते हैं।
बड़ा मंगल के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान कर लें। साफ कपड़े पहनकर पूजा स्थल पर पहुंचे। फिर हनुमान जी की मूर्ति या प्रतिमा को पूजा स्थल पर रखें। इसके बाद उन्हें गंगाजल से स्नान कराएं, फिर पंचामृत से भी स्नान कराएं। अंत में साफ पानी से भी स्नान कराएं। फिर हनुमानजी की प्रतिमा के आगे घी का दीपक जलाएं। इस दौरान बजरंग बली को उनकी प्रिय चीजें अर्पित करें। हनुमान जी को पान जरूर चढ़ाएं। बाद में हनुमान जी की आरती करें। बुढ़वा मंगल का दिन सभी के लिए शुभ होता है। इस दौरान नौकरी में प्रमोशन और वेतनवृद्धि के लिए हनुमान जी के मंदिर जाएं। वहां पर हनुमान जी की मूर्ति से सिंदूर लेकर सीता माता के चरणों में लगाएं। ऐसा करने से तरक्की के योग बनते हैं। शनि दोष को दूर करने के लिए बुढ़वा मंगल पर हनुमान जी की पूजा अवश्य करें। बड़ा मंगल पर उन्हें काले चने और बूंदी का भोग लगाकर जरूरतमंदों में बांट दें। इस उपाय को करने से हनुमानजी प्रसन्न होते हैं।