नई दिल्ली : उच्चतम न्यायालय ने भारत में राजनीतिक नेताओं,अदालती कर्मियों,पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न लोगों की निगरानी के लिए इजराइली स्पाईवेयर पेगासस के इस्तेमाल के आरोपों की जांच के लिए बुधवार को साइबर विशेषज्ञों की तीन सदस्यीय समिति नियुक्त की। यह उल्लेख करते हुए कि न्याय न केवल किया जाना चाहिए,बल्कि होते हुए भी दिखना चाहिए। शीर्ष अदालत ने आरोपों की जांच के लिए विशेषज्ञ समिति नियुक्त करने की केंद्र को अनुमति देने संबंधी सरकार का अनुरोध इस आधार पर खारिज कर दिया कि इस तरह की कार्रवाई पक्षपात के खिलाफ स्थापित न्यायिक सिद्धांत के विरुद्ध होगी। शीर्ष अदालत ने अपने पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति आर वी रवींद्रन से तीन सदस्यीय समिति के कामकाज की निगरानी करने का आग्रह किया और समिति से शीघ्र रिपोर्ट मांगी। प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण के नेतृत्व वाली पीठ ने कहा कि वह विशेषज्ञ समिति की नियुक्ति का आदेश पारित करना चाहती है जिसके कामकाज की निगरानी उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश करेंगे। पीठ ने कहा कि सार्वजनिक महत्व और देश के नागरिकों के मौलिक अधिकारों के बड़े पैमाने पर उल्लंघन के कथित दायरे और प्रकृति को ध्यान में रखते हुए जब भी न्यायालय ने मामले के तथ्यों और परिस्थितियों में कुछ आरोपों की सच्चाई या झूठ की जांच करने के लिए उपयुक्त पाया, इस अदालत ने विभिन्न अन्य परिस्थितियों में इसी तरह की कार्रवाई को अपनाया है। शीर्ष अदालत ने कहा कि न्यायमूर्ति रवींद्रन साइबर सुरक्षा, डिजिटल फॉरेंसिक, नेटवर्क और हार्डवेयर से संबंधित तीन सदस्यीय समिति के कामकाज की निगरानी करेंगे। शीर्ष अदालत ने कहा कि पूर्व आईपीएस अधिकारी आलोक जोशी और संदीप ओबेरॉय- अध्यक्ष, उप समिति (अंतर्राष्ट्रीय मानकीकरण संगठन / अंतर्राष्ट्रीय इलेक्ट्रो-तकनीकी आयोग / संयुक्त तकनीकी समिति) - समिति के कार्य की निगरानी के लिए न्यायमूर्ति रवींद्रन की सहायता करेंगे। शीर्ष अदालत ने कहा कि वह छह बाध्यकारी परिस्थितियों को देखते हुए समिति की नियुक्ति कर रही है। इसने कहा कि निजता का अधिकार और बोलने की स्वतंत्रता को प्रभावित करने का आरोप है, जिसकी जांच की जरूरत है। ऐसे में संभावित भयभीत करने वाले प्रभाव के कारण इस तरह के आरोपों से संपूर्ण नागरिक प्रभावित होते हैं, इसके द्वारा की गई कार्रवाइयों के संबंध में भारत संघ ने कोई स्पष्ट रुख नहीं अपनाया है और इन आरोपों के बारे में दूसरे देशों की गंभीरता और इसमें विदेशी पक्षों की संलिप्तता। इसने कहा कि इसके अलावा, संभावना है कि कुछ विदेशी प्राधिकरण, एजेंसी या निजी संस्था इस देश के नागरिकों की निगरानी करने में शामिल हैं; आरोप है कि केंद्र या राज्य सरकारें नागरिकों को अधिकारों से वंचित करने की पक्षकार हैं।