रियान पराग को अतिरिक्त जिम्मेदारी निभानी होगी। प्लेऑफ में शीर्ष दो में रहकर जाने से उनके पास फाइनल में पहुंचने के दो मौके रहेंगे। केकेआर के 19 अंक है और उसका शीर्ष पर रहना तय है। अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछला मैच बारिश में धुलने से उसे एक अंक मिला। केकेआर के हौसले बुलंद है लेकिन उसे आत्ममुग्धता से बचना होगा। मुंबई इंडियंस के खिलाफ 11 मई को ईडन गार्डंस पर हुए मुकाबले के बाद से केकेआर ने बारिश की भेंट हुए इस मैच के अलावा कोई मुकाबला नहीं खेला है।
अहमदाबाद जाकर एक दिन के अभ्यास के लिए कोलकाता लौटना और फिर आखिरी लीग मैच के लिए गुवाहाटी जाना थकाऊ रहा होगा और इससे उनकी लय पर असर पड़ सकता है। अब देखना यह होगा कि मेंटोर गौतम गंभीर की टीम इस लय को बरकरार रख पाती है या नहीं। उसके पास फॉर्म में चल रहा इंग्लैंड का सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट भी नहीं है जो पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू शृंखला के लिए स्वदेश लौट चुके हैं। केकेआर के दो सलामी बल्लेबाजों सॉल्ट और सुनील नारायण ने मिलकर इस सत्र में सात अद्र्धशतक और एक शतक समेत 182 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 897 रन बनाए हैं ।
सॉल्ट की जगह रहमानुल्लाह गुरबाज ले सकते हैं लेकिन मैदान पर उतरते ही सॉल्ट की तरह आक्रामक खेलने की उनसे उम्मीद नहीं की जा सकती। इस सत्र में उन्होंने एक भी मैच नहीं खेला है। केकेआर की बल्लेबाजी का दारोमदार कप्तान श्रेयस अय्यर, रिंकू सिंह और आंद्रे रसेल पर होगा। मैच में बारिश का भी पूर्वानुमान लगाया जा रहा है।