पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा शनिवार को बक्सर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार मिथिलेश तिवारी के लिए एक चुनाव अभियान में भाग लिया और निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय उम्मीदवार आनंद मिश्रा पर हमला बोला। बिहार के बक्सर में चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि अगर मुझे पता होता कि वे भाजपा की तरफ से चुनाव नहीं लड़ेंगे, तो मैं आनंद मिश्रा को असम छोडऩे नहीं देता। चुनावी रैली में मुख्यमंत्री ने कहा कि आनंद मिश्रा भाजपा के वोट काटने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।

मिथिलेश का वोट काटने के लिए लालू यादव, तेजस्वी यादव ने आनंद मिश्रा को सुपारी दी हैं। उनका मोबाइल चेक करने पर सब पता चल जाएगा। दिन में वे किससे और कितनी बार बात करते हैं सब पकड़े जाएंगे। असम में आनंद मिश्रा ने मुझसे झूठ बोलकर अपनी नौकरी  से वीआरएस ले लिया। वे मेरे घर और कार्यालय गए और कहा कि उन्हें भाजपा की सेवा करने के लिए वीआरएस की जरूरत है। मैंने तुरंत कहा कि क्या आपको टिकट चाहिए? उन्होंने कहा, नहीं, मुझे टिकट की जरूरत नहीं है, मैं भाजपा की सेवा करूंगा।

सीएम ने कहा कि अगर मुझे  पहले पता होता तो मैं आनंद मिश्रा को असम से बाहर नहीं जाने देता। आनंद मिश्रा अगर अच्छे आदमी होते तो इंतजार करते और पार्टी के लिए काम करते। असम में रहते समय उनके पास पैसे नहीं थे, लेकिन अब आनंद मिश्रा को चुनाव लडऩे के लिए पैसे कहां से मिले। लालू, तेजस्वी से कितना पैसा आया चेकिंग में पता चल जाएगा। आनंद मिश्रा की चुनावी रैली में जयश्री राम के नारे सुनाई नहीं देते।