पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : पूर्वोत्तर के कई अन्य राज्यों के साथ-साथ असम में भी पिछले एक सप्ताह से गर्मी का प्रकोप जारी है। पिछले एक सप्ताह से असम के अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं हुई है और जिन जगहों पर बारिश हो रही है वहां बहुत हल्की बारिश होने के कारण गर्मी की लहर में भी कोई खास कमी नहीं आई है। हालांकि, राज्य के कुछ हिस्सों की तरह गुवाहाटी में गुरुवार रात करीब 10 बजे थोड़ी बारिश हुई। उसी तरह राज्य के कुछ हिस्सों की तरह गुवाहाटी में भी शुक्रवार शाम को लगभग आधे घंटे तक गरज के साथ हल्की बारिश हुई जिसके कारण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। लेकिन तूफान के कारण गुवाहाटी के चांदमारी कृष्णनगर-मिलननगर रोड पर पेड़ उखड़ गए और यातायात बाधित हो गया। इसके अलावा  गीतानगर मैदान के पास भी बिजली का पोल टूट कर गिर गया और एक पेड़ भी उखड़ गया जिसके कारण काफी देर तक यातायात बाधित रहा।

वहीं दूसरी ओर बंगाईगांव में तूफान के कारण जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। चलती ऑटो पर पेड़ गिरने के कारण चित्तरंजन शरणिया नामक एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और ध्रुव मेस नामक एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। शुक्रवार को गुवाहाटी में अधिकतम तापमान बढ़कर 37.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। एक शब्द में कहें तो गुवाहाटी शहर मानो जल रहा है। पिछले कुछ दिनों में गर्मी के कारण राज्य के कई स्कूलों में कक्षाओं में छात्रों के बेहोश होने की कई घटनाएं हुई हैं। वहीं दूसरी ओर शुक्रवार के दिन राज्य में सबसे अधिक तापमान गुवाहाटी में 37.8 सेल्सियस दर्ज किया गया। धुबड़ी में अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

शुक्रवार को राज्य के कई शहरों में अधिकतम तापमान डिब्रूगढ़ में 28.0 सेल्सियस, तेजपुर में 33.3 डिग्री सेल्सियस, जोरहाट में 28.8 सेल्सियस और उत्तरी लखीमपुर में 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस अवधि के दौरान त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में उत्तर पूर्वी राजधानियों में सबसे अधिक तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में शहर में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई है। बरझार स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र को अगले चार दिनों में असम के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। हालांकि, बारिश होने पर तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी।