पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने शुक्रवार को ओडि़सा के बरगढ़, सुंदरगढ़ और भुवनेश्वर लोकसभा क्षेत्रों के तहत ब्रजराजनगर, बनाई, अतराबीरा और जटानी विधानसभा क्षेत्रों में चार विशाल चुनावी रैलियों में भाग लिया। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने सबसे पहले उड़ीसा के झारखंड जिले के बेलपहाड़ में ब्रजराजनगर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी सुरेश पुजारी और बरगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी प्रदीप पुरोहित के समर्थन में चुनाव प्रचार सभा को संबोधित किया। डॉ. शर्मा ने कहा कि उड़ीसा के लोगों में भगवान राम को लेकर काफी उत्साह है।

उन्होंने कहा कि अगर ओडि़सा में भाजपा की सरकार बनी तो सरकारी खर्चे पर 3,00,000 लोगों को राम मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। राम मंदिर का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुगल शासन के दौरान भारत के हर हिंदू मंदिर को मुगलों ने नष्ट कर दिया था। बाबर ने अयोध्या में राम मंदिर को नष्ट कर दिया और वहां बाबरी मस्जिद का निर्माण कराया। राम मंदिर की स्थापना के लिए हिंदू पांच सौ वर्षों से संघर्ष कर रहे थे। कांग्रेस के 60 साल के शासनकाल में भी हिंदुओं ने राम मंदिर के लिए लड़ाई लड़ी, लेकिन कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। लेकिन केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद अयोध्या में राम मंदिर की स्थापना कर उन्होंने दिखा दिया कि हिंदुओं से पंगा लेना नहीं चाहिए। हिंदू सहिष्णु हो सकते हैं, लेकिन जब भगवान का सम्मान करने की बात आती है, तो हिंदू पीछे नहीं बैठते।

कांग्रेस द्वारा पूछे गये सवाल कि भाजपा को 400 सीटों की जरूरत क्यों है, का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने 300 सीटें जीतकर राम मंदिर की स्थापना की है। मथुरा में कृष्ण की जन्मभूमि को बचाने और ज्ञानबापी में मंदिर स्थापित करने के लिए भाजपा को 400 सीटों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कई वर्षों के बाद हिंदू संगठित होकर जागे हैं। जब तक हिंदुओं का काम अधूरा रहेगा तब तक हिंदू संघर्ष करते रहेंगे। कश्मीर का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि पहले एक ही कश्मीर था। कांग्रेस शासन के दौरान इसका विभाजन हो गया। एक भाग पाकिस्तान में चला गया और दूसरा भारत में रह गया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान देश का एक हिस्सा ले लेगा और देश की जनता चुपचाप बैठी रहेगी, ऐसा नहीं हो सकता। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को फिर भारत से जोड़ने के लिए भाजपा को 400 सीटें चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह नया भारत है। नया भारत सपना देख सकता है। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को भारत से जोड़ा जाना चाहिए। यह सपना कांग्रेस शासन के दौरान नहीं था, लेकिन आज सभी हिंदुओं और भारतीयों ने वह सपना देखा है और नरेंद्र मोदी सरकार इसे साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदुओं के साथ कभी अन्याय नहीं हो सकता। यह भावतवर्ष हिंदुओं द्वारा बनाया गया था। हिंदुओं ने पांच हजार वर्षों तक भारत की सेवा की है और जब तक चंद्रमा और सूर्य मौजूद हैं, हिंदू भारत माता की सेवा करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने उड़ीसा के जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार का जिक्र करते हुए कहा कि हर तीन साल में जगन्नाथ मंदिर के खजाने का ऑडिट होना चाहिए, लेकिन पिछली सरकार के दौरान ऐसा नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि अगर उड़ीसा में भाजपा की सरकार आई तो खजाने की चाभियां भले ही पाताल में छिपी हों, उन्हें बाहर लाने का इंतजाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान उड़ीसा के लोगों को उन लाभों से वंचित किया गया जिनके वे हकदार थे। उड़ीसा की सीमा से लगे छत्तीसगढ़ में किसानों को धान की न्यूनतम कीमत 3,100 रुपए मिलती है, जबकि उड़ीसा में उन्हें केवल 2,100 रुपए मिलते हैं। यदि उड़ीसा में भाजपा सरकार बनती है, तो वह सुभद्रा योजना के तहत दो वर्षों में प्रत्येक को 50,000 रुपए प्रदान करेगी, जो छत्तीसगढ़, असम और मध्य प्रदेश जैसे भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं और माताओं के लिए मासिक वजीफा योजना के समान है। उन्होंने कहा कि 3,00,000 युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्त किया जाएगा और विधवा पेंशन और वृद्धावस्था पेंशन को 500 रुपए से बढ़ाकर 3,000 रुपए किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सुंदरगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार जुबेल ओराम और बनाई विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सेवती नायक के समर्थन में उड़ीसा के लहुनिपाड़ा में एक और विशाल चुनाव प्रचार रैली में भी भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि डबल इंजन सरकार के सहयोग से भाजपा शासित राज्यों को कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। यदि उड़ीसा में भाजपा की सरकार बनी तो वह सुभद्रा योजना के तहत दो साल में महिला माताओं को 50,000 रुपए देगी, किसानों को धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 3,100 रुपए प्रति क्विंटल, विधवा और वृद्धावस्था पेंशन 500 रुपए से बढ़ाकर 3,000 रुपए करेगी और उड़ीसा के युवाओं को 3 लाख सरकारी नौकरियां प्रदान की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने उड़ीसा में लोगों के कल्याण के लिए कुछ नहीं किया। उड़ीसा में आदिवासी महिलाओं के खिलाफ अत्याचार, सुंदरबन में किसानों के लिए खराब सिंचाई व्यवस्था, सरकारी नौकरियों की कमी के कारण युवाओं का विदेश चले जाने और पेय जल की समस्या आदि अनेक समस्याएं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनी तो आदिवासियों के कल्याण के लिए लगातार काम करेगी। सुंदरगढ़ लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवार और निवर्तमान सांसद जुबेल ओराम का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान 1,50,000 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर आवंटित किए गए, 1,50,000 किसानों को कृषक सम्मान निधि प्राप्त हुआ, 4,92,000 लोगों को फसल बीमा योजना से लाभ मिला, 1,25,000 लोगों को बिजली कनेक्शन, 33,000 महिलाओं को उज्वला गैस, 14 लाख 80 हजारह लोगों को मुफ्त राशन मिला, 3,000 किमी सड़कों का निर्माण, नए हवाई अड्डे, नए बेलवे स्टेशन और दोहरी रेलवे लाइन निर्माण का अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि उड़ीसा में भाजपा सरकार नहीं होने के बावजूद एक सांसद ने इतने सारे काम किए हैं। अगर दिल्ली और भुवनेश्वर में भाजपा की सरकार बनेगी तो उड़ीसा के लोगों के विकास की काफी संभावनाएं होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जगन्नाथ महाप्रभु मंदिर उड़ीसा के लोगों के सम्मान और साधना का केंद्र है।

उन्होंने उड़ीसा की पहचान को बढ़ावा देने और राज्य को विकास और प्रगति की ओर ले जाने के लिए विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों को जिताकर भुवनेश्वर और दिल्ली में भाजपा सरकार बनाने का आग्रह किया। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने बरगढ़ लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत अत्ताबीरा विधानसभा क्षेत्र के बानी पानी मैदान में एक और विशाल चुनाव प्रचार रैली में भाग लिया। वहां उन्होंने बरगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार प्रदीप पुरोहित और अत्ताबिरा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार निहार रंजन महानंद के समर्थन में प्रचार किया। मुख्यमंत्री आज खोढ़ा जिले के अंतर्गत जटानी में चौथी विशाल सार्वजनिक बैठक में भी शामिल हुए और भुवनेश्वर लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अपराजिता सारंगी और जटानी विधानसभा क्षेत्र से विश्वरंजन बेदजेना के समर्थन में प्रचार किया।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार उड़ीसा को संसाधनों और संभावनाओं के साथ देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने कार्यकाल के दौरान अयोध्या में राम मंदिर की स्थापना और धारा 370 को निरस्त करने जैसे अभूतपूर्व कदम उठाए हैं। पार्टी के 400 सीटें जीतने के बाद पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर भी भारत में शामिल हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने लोगों से भाजपा को उड़ीसा में सरकार बनाने का मौका देने का आग्रह किया और कहा कि भाजपा सरकार उड़ीसा के युवाओं और माताओं के लिए अथक प्रयास करती रहेगी। उड़ीसा के श्रीश्रीजगन्नाथ महाप्रभु मंदिर के खजाने की चाबियाँ छिपाने के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि यदि 10 जून तक रत्न भंडार की चाबियां जारी नहीं की गईं तो उन्हें पाताल में होने पर भी बरामद कर लिया जाएगा।