डिजिटल डेस्क : हरियाणा के नूंह में शुक्रवार-शनिवार की रात भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां शुक्रवार की रात श्रद्धालुओं से भरी बस में अज्ञात कारणों से आग लग गई। बस में सवार 8 लोग जिंदा जल गए जबकि दो दर्जन से अधिक बुरी तरह झुलस गए जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। चलती बस में आग की लपटें देख स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की। पुलिस को घटना की सूचना दी गई। जिसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने बड़ी मशक्कत करते हुए आग पर किसी तरह काबू पाया गया।
हादसे के शिकार लोग पंजाब और चंडीगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जो मथुरा और वृंदावन दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। बस में सवार पीड़ित श्रद्धालु सरोज पुंज और पूनम ने बताया कि शुक्रवार को एक टूरिस्ट बस किराए पर कर बनारस और मथुरा वृंदावन दर्शन के लिए निकले थे। बस में 60 लोग सवार थे। जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। यह सभी नजदीकी रिश्तेदार थे।
पूनम ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की रात वह दर्शन कर वापस लौट रहे थे। देर रात लगभग 1.30 बजे के करीब बस में आग की लपटें दिखाई दीं। उन्होंने बताया कि वह आगे की सीट पर बैठी हुई थी। किसी तरह स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें निकाल लिया गया। जबकि घटनास्थल पर मदद के लिए पहुंचे ग्रामीण साबिर, नसीम, साजिद, एहसान आदि ने बताया कि देर रात करीब 1:30 बजे एक चलती बस में उन्हें आग की लपटें दिखाई दी थीं। उन्होंने आवाज लगाकर चालक को बस रोकने को कहा, लेकिन बस नहीं रुकी। फिर एक युवक ने मोटरसाइकिल पर सवार होकर बस का पीछा किया और चालक को आग लगने सूचना दी।
मौके पर पहुंचे गांव वालों के मुताबिक, पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी बहुत देर से पहुंची। तब तक बस में सवार लोग बुरी तरह झुलस चुके थे, जिनमें आठ की मौत हो गई। इसके बाद घायलों को तावडू सदर थाना पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल भेजवाया।
हादसे की सूचना मिलने के कुछ देर बाद पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया भी अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। जिन्होंने घटना की जानकारी ली। इसके अलावा तावडू एसडीएम संजीव कुमार, तावडू सदर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार व डीएसपी आदि मौके पर पहुंचे। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।