प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुल संपत्ति 3 करोड़ रुपए से अधिक है, लेकिन उनके पास अपनी कोई जमीन, घर या कार नहीं है। अपने चुनावी हलफनामे में पीएम मोदी ने ये जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को वाराणसी सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। जिसके बाद उनका चुनावी हलफनामा सामने आया है। हलफनामे में, पीएम मोदी ने कुल 3.02 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है। हलफनामे में उनके पास 3.02 करोड़ रुपए से अधिक की चल और अचल संपत्ति है, जिसमें भारतीय स्टेट बैंक में दो करोड़ 89 लाख 45 हजार 598 रुपए की सावधि जमा (फिक्स्ड डिपॉजिट) शामिल है। उनके हाथ में कुल नकदी 52,920 रुपए हैं और गांधीनगर और वाराणसी में उनके दो बैंक खातों में 80,304 रुपए जमा हैं।

पीएम मोदी के पास राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र में निवेश के रूप में 9.12 लाख रुपए हैं और उनके पास चार सोने की अंगूठियां भी हैं जिनकी कीमत दो लाख 67 हजार 750 रुपए है। उनकी आय 2018-19 में 11.14 लाख रुपए से बढ़कर 2022-23 में 23.56 लाख रुपए हो गई। वित्तीय वर्ष में उनका अनुमानित आयकर रिटर्न तीन लाख 33 हजार 179 रुपए है। अगर पिछले 5 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इनकम की बात करें तो 2018-19 में उनकी आय 11,14,230 रुपए, 2019-20 में 17,20,760 रुपए, 2020-21 में 17,07,930 रुपए, 2021-22 में 15,41,870 रुपए तो वहीं 2022-23 में प्रधानमंत्री को 23,56,080 रुपए की इनकम हुई।

प्रधानमंत्री के हलफनामे के अनुसार उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है। वहीं हलफनामे में उन्होंने अपनी पढ़ाई का भी ब्यौरा दिया है। इसके मुताबिक, नरेंद्र मोदी ने 1967 में गुजरात बोर्ड से एसएससी किया था। 1978 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ आट्र्स की डिग्री ली थी। 1983 में गुजरात युनिवर्सिटी से पीएम मोदी ने मास्टर ऑफ आट्र्स की डिग्री हासिल की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्नी के नाम में जशोदाबेन का नाम लिखा हुआ है।