पूर्वांचल प्रहरी संवाददाता गुवाहाटी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वोट बैंक की राजनीति ने सीएए जैसे मानवता की रक्षा करने वाले कानून को विलेइन बना दिया है। 'सीएए' पीड़ितों को नागरिकता देने वाला कानून है। जब तक मैं जीवित हूं, कोई भी सीएए को निरस्त नहीं कर सकता। ये मोदी की गारंटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आप जानते हैं कि मोदी की गारंटी का मतलब पूरा होने की गारंटी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि सीएए किसी की नागरिकता नहीं छीनता, लेकिन कांग्रेस और टीएमसी जैसी पार्टियों ने सीएए को लेकर व्यापक दुष्प्रचार किया। वे मतुवा और नम:शूद्रों को नागरिकता देने का विरोध करते हैं। वे सीएए को खत्म करने की भी बात करते हैं।
आज मैं टीएमसी या कांग्रेस या इंडा अलायंस को चुनौती दे रहा हूं और पश्चिम बंगाल को पांच गारंटी दे रहा हूं जब तक मोदी है तब तक धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं मिलेगा। मेरी दूसरी गारंटी है कि जब तक मोदी हैं, एसटी, एससी और ओबीसी का आरक्षण कोई खत्म नहीं कर सकता।
तीसरी गारंटी यह है कि जब तक मोदी है,आपको रामनवमी मनाने से कोई नहीं रोक सकता, भगवान राम की पूजा करने से कोई नहीं रोक सकता। चौथी गारंटी ये है कि जब तक मोदी हैं, राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को कोई नहीं बदल सकता। पांचवीं गारंटी यह है कि जब तक मोदी हैं, सीएए को कोई रद्द नहीं कर सकता। मोदी की गारंटी का मतलब पूरा होने की गारंटी है।