डिजिटल डेस्क: दक्षिण भारतीय अभिनेता अल्लू अर्जुन के प्रशंसक उनकी एक झलक पाने को हमेशा बेताब रहते हैं। वह जहां भी जाते हैं उनके पीछे-पीछे उनके प्रशंसकों भी पहुंच जाते हैं। आंध्र प्रदेश के नांद्याल में शनिवार 11 मई को पुलिस ने एक्टर अल्लू अर्जुन के खिलाफ अपने दोस्त और YSRCP विधायक रवि चंद्र किशोर रेड्डी के घर जाकर आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।  आपको बता दें कि 13 मई को आंध्र प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा के लिए मतदान होंगे। इसी को लेकर अभिनेता अल्लू अर्जुन अपने दोस्त शिल्पा रवि को सपोर्ट करने के लिए पहुंचे जिसके बाद ये बवाल हो गया।

अल्लू अर्जुन को देखने के लिए रवि चंद्रा के आवास पर बड़ी संख्या में प्रशंसक और समर्थक आए और इससे बड़े पैमाने पर कानून-व्यवस्था और यातायात की समस्या पैदा हो गई, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनेता अल्लू अर्जुन और  रवि चंद्र किशोर रेड्डी की टीम द्वारा कोई अनुमति नहीं ली गई थी, इसलिए अल्लू अर्जुन और रवि चंद्र रेड्डी के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दक्षिण भारतीय अभिनेता अल्लू अर्जुन के साथ उनकी पत्नी स्नेहा भी थीं। बता दें कि अभिनेता को अपने दोस्त के लिए प्रचार करते देख प्रशंसक बेहद रोमांचित हो उठे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अधिक भीड़ होने के कारण मामला संभल नहीं पाया, जिसके कारण मामला दर्ज कराया गया है। फिलहाल, इस संदर्भ में अभी और अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है।